दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत, 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में बीजेपी की वापिसी
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। 5 फ़रवरी को हुए मतदान के बाद, आज 8 फरवरी को मतगणना में बीजेपी ने 70 में से 50 से अधिक सीटों पर बढ़त बनायीं हुयी है। इस विधानसभा चुनाव में जीत के बाद दिल्ली की सत्ता में बीजेपी की 27 साल बाद वापिसी कर रही है।
केजरीवाल हारे चुनाव
नई दिल्ली विधानसभा सीट पर बीजेपी के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रिय संयोजक अरविंद केजरीवाल को चुनाव में हरा दिया है। अरविंद केजरीवाल को 25999 वोट मिले। वहीं बीजेपी के प्रवेश वर्मा को 30088 वोट मिले। वोटों की गिनती शुरू होने के साथ ही प्रवेश वर्मा लगातार अरविंद केजरीवाल से आगे रहे। सुबह 10 से 11 बजे के बीच केवल वोटों की गिनती में अरविंद केजरीवाल आगे रहे। हालांकि आखिरकार केजरीवाल बीजेपी के प्रवेश वर्मा से हार गए। कांग्रेस के प्रत्याशी संदीप दीक्षित को महज 4568 वोट मिले।
पीएम मोदी ने किया जनता का आभार व्यक्त
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत पर दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “जन शक्ति सर्वोपरि है। विकास की जीत, सुशासन की विजय। मैं दिल्ली की अपनी प्यारी बहनों और भाइयों को प्रचंड और ऐतिहासिक जनादेश के लिए नमन करता हूँ। हम दिल्ली के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।”
इस चुनाव में बीजेपी की जीत को पार्टी के नेताओं ने पीएम मोदी के नेतृत्व और जनता के विश्वास का परिणाम बताया। इस जीत के साथ बीजेपी ने दिल्ली में अपनी स्थिति मजबूत की है और आगामी सरकार के गठन की तैयारी में है।
वहीं आप नेता और दिल्ली की सीएम आतिशी ने कहा, “हम जनता के जनादेश को स्वीकार करते हैं और बीजेपी के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।”
