बिहार में सीएम नितीश कुमार की अध्यक्षता में हुयी कैबिनेट की बैठक, कैबिनेट बैठक में लगी 14 एजेंडों पर मुहर
बिहार में सीएम नितीश कुमार की अध्यक्षता में आज मंगलवार को पटना सचिवालय में कैबिनेट की बैठक हुयी। इस बैठक में 14 नए एजेंडों पर मुहर लगी है। इससे पहले 3 अक्टूबर को कैबिनेट की बैठक हुयी थी। उस बैठक में भी 14 एजेंडों पर मुहर लगी थी।
कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसले
आज की बिहार कैबिनेट की बैठक में लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी के क्रम में भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली से प्राप्त निर्वाचन संचालन से संबंधित पुस्तकों के मुद्रण पश्चिम बंगाल सरकार के उपक्रम सरस्वती प्रेस को प्राधिकृत करने की स्वीकृति दी गई है। बिहार राजस्व कर्मचारी संवर्ग संशोधन नियमावली 2023 के गठन को मंजूरी दी गई है। चुनाव कर्मी और सुरक्षाकर्मी के निर्वाचन कार्य के दौरान मृत्यु या अस्थायी अपंगता की स्थिति में देय अनुग्रह अनुदान को स्वीकृति मिली है। नीतीश सरकार ने धान अधिप्राप्ति कार्य में लगे हुए सहकारी संस्था जैसे पैक्स और व्यापार मंडलों को सीएमआर (चावल) की आपूर्ति के आधार पर पूर्व से देय प्रबंधकीय अनुदान की राशि को खरीफ विपणन मौसम 2022-23 से 10 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर प्रोत्साहन स्वरूप 30 जून तक शत प्रतिशत आपूर्ति करने पर 30 रुपये प्रति क्विंटल के रूप में देगी। वहीं 31 जुलाई तक शत प्रतिशत आपूर्ति करने पर 25 रुपये प्रति क्विंटल और इस इसके बाद आपूर्ति करने पर 20 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रबंधकीय अनुदान की राशि की भुगतान करेगी।
जेलों में होगी मनोचिकित्सक की बहाली
जेलों में बंद मानसिक रूप से बीमार कैदियों के लिए आठ केंद्रीय कारागारों में मनोचिकित्सक के आठ पद सृजन किये गए हैं। बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के प्रथम परिनियम को स्वीकृति दी गई है। आज की बैठक में जल संसाधन विभाग के सात सिंचाई अंचल पदाधिकारी का बिहार राजस्व सेवा के मूल कोटि के पद राजस्व अधिकारी एवं समकक्ष ग्रेड में सेवा समायोजन की स्वीकृति दी गई।
बिहार सरकार ने राज्य के मुख्य उड्डयन प्रशिक्षक सिविल विमानन निदेशालय के कैप्टन शिव प्रकाश को एक साल की सेवा का विस्तार दिया गया है। उनका रिटायरमेंट 31 अक्टूबर 2023 को है इसके बाद उन्हें संविधा पर एक साल या नियमित पदस्थापन नियोजन होने तक नियोजन करने की मंजूरी दी गई है।
