केंद्र सरकार चुनाव से पहले महंगाई कम करने के लिए ले सकती है बड़े फैसले, पेट्रोल डीज़ल की कीमतों में हो सकती है कटौती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लालकिले की प्राचीर से राष्ट्र को सम्बोधित करते हुए देश को महंगाई से राहत दिलाने के लिए कदम उठाने का भरोसा दिया है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी महंगाई को लेकर आने वाले दिनों में कुछ महत्त्वपूर्ण फैसले ले सकते हैं।
सस्ता हो सकता है पेट्रोल और डीज़ल
आने वाले दिनों में जनता को महंगे पेट्रोल डीज़ल से राहत मिल सकती है। केंद्र सरकार पेट्रोल-डीज़ल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी पर कटौती कर सकती है। जिससे पेट्रोल डीज़ल की कीमतों में कमी आएगी। केंद्र सरकार इस समय पेट्रोल पर 19.90 रुपये और डीज़ल पर 15.80 रुपये एक्साइज ड्यूटी वसूलती है। पेट्रोल पर टैक्स घटने से लोगो को गाड़ी में ईंधन डलवाना सस्ता होगा और डीज़ल पर टैक्स घटने से महंगाई कम करने में मदद मिलेगी क्योकि मालढुलाई की लागत में कमी आएगी।
गेहूं और खाद्य तेल पर इम्पोर्ट ड्यूटी में कटौती
सरकार विदेश से इम्पोर्ट होने वाले गेहूं पर इम्पोर्ट ड्यूटी को कम करने पर विचार कर रही है। इस समय विदेश से इम्पोर्ट होने वाले गेहूं पर 40 फीसदी इम्पोर्ट ड्यूटी लगती है। जिसे सरकार शून्य करने का विचार कर रही है। सरकार खासतौर से रूस से गेहूं इम्पोर्ट करने का विचार कर रही है। जिससे घरेलू बाजार में गेहूं की सप्लाई बढ़ा कर उसे सस्ता किया जा सके। जिससे आम लोगों को महंगाई से राहत मिल सके। इसी के साथ खाद्य तेल पर भी इम्पोर्ट ड्यूटी को कम करने के आसार दिखायी दे रहे हैं।
महंगाई ने बढ़ाई सरकार की चिंता
दरअसल जुलाई माह में खुदरा महंगाई दर 7.44 फीसदी रही है। जो पिछले 15 माह के उच्च लेबल पर है। वहीं खाद्य महंगाई दर 11.51 फीसदी पर रही है। जो यह बताने के लिए काफी है कि आम आदमी किस कदर महंगाई से परेशान है। ऐसे में चुनावी साल में महंगाई से आम आदमी को राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार कुछ अहम फैसले ले सकती है।
