मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा की एक रैली को सम्बोधित करते हुए नशे के कारोबारियों पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा की शाहबाद विधानसभा क्षेत्र में एक रैली को सम्बोधित किया। इस रैली में उन्होंने नशे के कारोबारियों और माफियाओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार देश के लिए घातक है। ऐसे लोग देश को निगल लेना चाहते हैं। ये समाज के विकास की सबसे बड़ी बाधा हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन लोगों को चण्ड और मुण्ड बताया और कहा कि ये महिषासुर की तरह युवाओं की जवानी छीन रहे हैं।
जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “यह नशे के जो कारोबारी हैं, जो देश को निगल जाना चाहते हैं, युवाओं की जवानी को छीन रहे हैं। ये आज के चण्ड और मुण्ड हैं, ये महिषासुर हैं। उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा हमारी पावन भूमि है। इसका एक मतलब और है ‘हरी-आना’। ये भूमि बार बार ईश्वर को बुलाती है।
सीएम योगी ने समझाया हरियाणा का मतलब
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा का मतलब समझाते हुए कहा कि ‘हरि’ का मतलब श्रीकृष्ण, श्री विष्णु से हैं श्री राम से है और ये धरती राम को बार बार बुलाने की वजह से ही से इसका नाम हरियाणा हो गया है कि हरि बार-बार यहां आना। उन्होंने कहा कि जो उपदेश 5000 साल पहले जो भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र में दिया था, इसलिए हमारे पूर्वजों ने इसका नाम हरियाणा रखा। यानी हरि बार-बार उपदेश देने के लिए आना जब जब अत्याचार होंगे माफिया फूलेंगे-फलेंगे इनका फिर से उन्मूलन करने के लिए बार-बार आना।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रैली में आगे कहा कि इसलिए डबल इंजन की सरकार ‘हरी’ के उस उदेश्य को पूरा करने लिए आपके सामने आये हैं। चाहे ये ड्रग माफिया हो या खनन माफिया, भूमाफिया हों या पशु माफिया…. या कोई भी माफिया हो ये समाज के विकास की सबसे बड़ी बाधा है। ये जो नशे को कारोबारी हैं। माफिया प्रवृत्ति को कभी नहीं पनपने देना है, ये देश की पीढ़ी को बर्बाद कर देगा।

