अडानी मुद्दे को लेकर संसद में कांग्रेस ने किया अनोखा प्रदर्शन, एनडीए सांसदों को दिया गुलाब और तिरंगा
कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के अन्य दलों ने अडानी मुद्दे को लेकर संसद में अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस के सांसदों ने एनडीए के सांसदों को गुलाब और तिरंगा दिया। इसी दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह संसद में पहुंचे तो कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को गुलाब और तिरंगा भेंट किया। हालाँकि राजनाथ सिंह ने राहुल गाँधी की भेंट को लेने से इंकार कर दिया।
प्रियंका गाँधी भी हुयी विरोध प्रदर्शन में शामिल
कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के अन्य दलों के सांसद संसद के मकर द्वार के निकट विरोध प्रदर्शन करने के लिए एकत्रित हुए और सांसदों ने अपने हाथ में गुलाब और तिरंगा ले रखा था। उन्होंने मकर द्वार से प्रवेश करने वाले एनडीए के सांसदों को तिरंगा और गुलाब भेंट किया और कहा देश मत बिकने देना। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गाँधी वाड्रा भी शामिल हुयी। विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को नीले रंग के झोले के साथ विरोध प्रदर्शन किया था।
राहुल गाँधी ने उठायी गौतम अडानी की गिरफ्तारी की मांग
रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के आरोपों में अडानी समूह के प्रमुख गौतम अडानी और कंपनी के अन्य अधिकारियों पर अमेरिकी अभियोजकों द्वारा अभियोग लगाए जाने के बाद कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के अन्य दल संयुक्त संसदीय समिति से आरोपों की जांच कराए जाने की मांग कर रहे हैं। इसी के साथ संसद में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी ने इस मामले में अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की गिरफ्तारी की मांग भी की है। वहीं अडानी समूह ने इस सभी आरोपों को आधारहीन बताया है।
