May 18, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

पीओके को लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पड़ोसियों को दी चेतावनी, कहा पीओके हमारा था और रहेगा

देश में चुनावी माहौल चल रहा है। लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पडोसी देश चीन और पाकिस्तान को लेकर कहा है कि भारत पर बुरी नजर रखने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जायेगा। उन्होंने चीन को लेकर कहा कि पीएम मोदी के सत्ता में रहते हुए देश की जमीन पर एक इंच भी कब्जा नहीं कर सकता। वहीं पाकिस्तान को निशाने पर लेते हुए कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद का खामियाज़ा भुगतना पड़ेगा।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “जिंदगी में दोस्त बदल सकते है पड़ोसी नहीं। पीओके हमारा था है और रहेगा। अगर पाकिस्तान को लगता है कि आतंकवाद को काबू कर पाने में असमर्थ है तो भारत सहयोग करने को तैयार है। आतंकवाद को रोकने के लिये भारत सहयोग करने को तैयार है। पाकिस्तान को आतंकवाद का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।”

370 को हटाने का भी किया जिक्र

राजनाथ सिंह ने इससे पहले 10 अप्रैल को संभल में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा था कि देश इस समय सुरक्षित हाथों में है देश की जनता को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को हटाने का जिक्र करते हुए कहा, “बीजेपी ने जब से आर्टिकल 370 खत्म करने का काम किया तब से वहां पर न तो अलगाववाद है और न पत्थरबाजी होती है। कश्मीर सुकून में हैं। यह भी संभव है कि पीओके के लोग भी न कह दें कि हमें भी कश्मीर का हिस्सा बना दो।”

अरुणाचल प्रदेश की कई जगहों के नाम चीन ने बदल दिए थे। इसको लेकर राजनाथ सिंह ने कहा कि किसी चीज का नाम बदलने से उस चीज पर हक नहीं बदल सकता है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि अगर भारत चीन की जगहों के नाम बदल दे तो क्या वो जगहें भारत की हो जाएंगीं। उन्होंने कहा कि चीन के इस तरह के कदमों से जमीनी हकीकत नहीं बदल सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *