दिल्ली शराब नीति मामले में ईडी ने दाखिल की चार्टशीट, केजरीवाल और आप को बनाया आरोपी
दिल्ली के शराब नीति घोटाले में ईडी ने राउज़ एवेन्यू कोर्ट में चार्टशीट दाखिल की। इस चार्टशीट में ईडी ने दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल और उनकी पार्टी आप को आरोपी बनाया है। चार्जशीट में ईडी ने अरविन्द केजरीवाल को घोटाले में किंगपिन और साजिशकर्ता बताया है। साथ ही ईडी ने दावा किया है कि गोवा इलेक्शन में रिश्वत के पैसों का इस्तेमाल होने की भी जानकारी उन्हें थी।
चार्टशीट में ईडी ने अरविन्द केजरीवाल और आरोपी विनोद चौहान के व्हाट्सएप चैट की डिटेल भी दी है। आरोप है कि के कविता के पीए ने विनोद चौहान के जरिए 25.5 करोड़ रुपए गोवा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी को पहुंचाए थे। ईडी का कहना है कि चैट से ये साफ है कि विनोद चौहान के अरविंद केजरीवाल के साथ अच्छे रिश्ते हैं।
कोर्ट ने ईडी की चार्टशीट पर मंगलवार को संज्ञान लिया। इसी के साथ कोर्ट ने अरविन्द केजरीवाल को 12 जुलाई को कोर्ट में पेश होने का समन जारी किया। शराब नीति घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग की जाँच कर रही ईडी ने अरविन्द केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। केजरीवाल इस समय तिहाड़ जेल में हैं। कोर्ट ने केजरीवाल को 12 जुलाई को कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में हाजिर होने का निर्देश जारी किया है। चार्जशीट में ईडी ने प्रोसीड ऑफ क्राइम का भी जिक्र किया है, जिसमे बताया गया है कि आरोपी विनोद चौहान के मोबाइल से हवाला नोट नंबर के काफी स्क्रीन शॉट बरामद हुए है, जोकि इनकम टैक्स विभाग ने भी पहले बरामद किए थे। ये स्क्रीन शॉट दर्शाते हैं कि कैसे विनोद चौहान प्रोसीड ऑफ क्राइम यानी अपराध से अर्जित पैसे को दिल्ली से गोवा हवाला के जरिए ट्रांसफर कर रहा था। इस पैसे का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी द्वारा गोवा चुनाव में इस्तेमाल किया जाना था। हवाला से गोवा पहुंचे पैसे को वहां मौजूद चनप्रीत सिंह मैनेज कर रहा था।
