May 17, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीख का चुनाव आयोग ने किया एलान, तीन दिसंबर को आएंगे नतीजे

चुनाव आयोग ने मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। पांचों राज्यों में 7 नवंबर से 30 नवंबर तक वोटिंग होगी। इसके साथ ही 3 दिसंबर को इन राज्यों की वोटिंग के नतीजे आएंगे। मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में मतदान एक चरण में होगा। छत्तीसगढ़ में मतदान दो चरणों में पूरा होगा।

मिजोरम में मतदान 7 नवंबर को

मिजोरम में सभी 40 सीटों पर मतदान 7 नवंबर को होगा। मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल 17 दिसंबर 2023 को ख़त्म होगा। राज्य में पिछला चुनाव साल 2018 में हुआ था। उस चुनाव में मिजो नेशनल फ्रंट पार्टी ने जीत हासिल की और राज्य में सरकार बनायीं। उस समय जोरमथांगा मुख्यमंत्री बने।

मध्यप्रदेश में मतदान 17 नवंबर को

230 सीटों वाले मध्यप्रदेश में मतदान एक चरण में 17 नवंबर को होगा। राज्य में विधानसभा का कार्यकाल 6 जनवरी 2024 को समाप्त होगा। मध्यप्रदेश में पिछला चुनाव साल 2018 में हुआ था। उस समय कांग्रेस ने जीत हासिल कर राज्य में सरकार बनायीं और कमलनाथ मुख्यमंत्री बने थे। लेकिन मार्च 2020 में कांग्रेस के 22 विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बीजेपी में शामिल हो गए। जिससे राज्य में कांग्रेस की सरकार गिर गयी और मुख्यमंत्री कमलनाथ को इस्तीफा देना पड़ा। उसके बाद बीजेपी ने राज्य में सरकार बनायीं और शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बने।

छत्तीसगढ़ में मतदान 7 और 17 नवंबर को

90 सीटों वाले छत्तीसगढ़ में चुनाव दो चरणों में 7 और 17 नवंबर को होगा। पहले चरण में मतदान 20 सीटों पर होगा और दूसरे चरण में मतदान 70 सीटों पर पूरा होगा। राज्य में विधानसभा का कार्यकाल 3 जनवरी 2024 को पूरा होगा। राज्य में पिछला चुनाव साल 2018 में हुआ था जिसमे कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उस समय मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

राजस्थान में मतदान 23 नवंबर को

200 सीटों वाले राजस्थान राज्य में मतदान 23 नवंबर को होगा। राज्य में विधानसभा का कार्यकाल 14 जनवरी 2024 को समाप्त होगा। पिछले चुनाव में राज्य में कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की थी और मुख्यमंत्री के तौर पर अशोक गहलोत ने शपथ ग्रहण की थी।

तेलंगाना में मतदान 30 नवंबर को

119 सीटों वाले तेलंगाना में मतदान 30 नवंबर को होगा। तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल 16 जनवरी 2024 को समाप्त होगा। यहाँ पिछला चुनाव साल 2018 में हुआ था। जिसमे तेलंगाना राज्य समिति पार्टी ने जीत हासिल कर राज्य में सरकार बनायीं थी। तेलंगाना राज्य समिति का नाम बदलकर अब भारत राज्य समिति कर दिया गया है। चंद्रशेखर राव साल 2018 में दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने थे।

चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव तारीखों का ऐलान करते हुए बताया कि 5 राज्यों की 679 सीटों पर 16 करोड़ मतदाता हैं। इनमें से 60 लाख वोटर पहली बार वोट डालेंगे। मध्य प्रदेश में 5.6 करोड़, राजस्थान में 5.25 करोड़, तेलंगाना में 3.17 करोड़, छत्तीसगढ़ में 2.03 करोड़ और मिजोरम में 8.52 लाख मतदाता हैं। इन राज्यों में 1.77 लाख मतदान केंद्र  बनाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *