Headlines

एनडीए की संसदीय दल की बैठक में नरेंद्र मोदी को चुना गया एनडीए संसदीय दल का नेता, नरेंद्र मोदी को लेकर क्या बोले सहयोगी

Spread the love

आज 7 जून को एनडीए संसदीय दल की बैठक हुयी जिसमे सभी नवनिर्वाचित सांसदों ने नरेंद्र मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता चुन लिया है। एनडीए की बैठक में यह प्रस्ताव राजनाथ सिंह ने रखा। उन्होंने कहा कि सौभाग्यशाली है कि नरेंद्र मोदी जैसा पीएम देश को मिलने जा रहा है। वही अमित शाह और नितिन गडकरी ने अनुमोदन करते हुए कहा कि देश का नेतृत्व अगले पांच साल के लिए नरेंद्र मोदी करेंगे।

राजनाथ सिंह ने पेश किया प्रस्ताव

एनडीए की बैठक में राजनाथ सिंह ने प्रस्ताव पेश करते हुए कहा, ”गठबंधन बाध्यता नहीं, प्रतिबद्धता है। आज देश अपने आपको सदियों के लिए मजबूत बनाने की ओर अग्रसर हो चुका है। इस काम को गति देने के लिए नरेंद्र मोदी से बेहतर कोई नहीं हो सकता है। इस कारण नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुनने के लिए प्रस्ताव रखा जाता है।”

राजनाथ सिंह द्वारा पेश किये गए प्रस्ताव पर बैठक शामिल एनडीए के सहयोगी टीडीपी के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अनुप्रिया पटेल और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संस्थापक जीतन राम मांझी सहित अन्य गठबंधन के नेताओं ने प्रस्ताव का समर्थन किया।

एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा

नरेंद्र मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता चुने जाने पर टीडीपी के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि मैंने तीन महीने के चुनाव प्रचार के दौरान देखा कि नरेंद्र मोदी ने आराम नहीं किया। वो रात हो या दिन प्रचार करते रहे। आंध्र प्रदेश में एक बड़ी रैली और तीन जनसभा ने जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

नितीश कुमार ने कहा

बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू प्रमुख नितीश कुमार ने कहा कि हम नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हैं। जो भी पिछले दस साल में रह गया वो नरेंद्र मोदी आगे पूरा करेंगे। हम इनके साथ रहेंगे। उन्होंने विपक्ष का नाम लिए बिना कहा कि इन लोगों ने कोई काम नहीं किया है। इसी के साथ नितीश कुमार ने सलाह देते हुए कहा नरेंद्र मोदी जल्द से जल्द शपथ ले लीजिये। हम आपके साथ हैं।

एकनाथ शिंदे ने कहा

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि जनता ने नरेंद्र मोदी को स्वीकार किया है। शिवसेना और बीजेपी का गठबंधन फेविकोल का जोड़ है। तीसरी बार लगातार नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने का हम समर्थन करते हैं।

9 जून को लेंगे शपथ

एनडीए के संसदीय दलों की बैठक में बीजेपी नेता प्रह्लाद जोशी ने कहा कि 9 जून को नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *