सरकार बनाने को लेकर अखिलेश यादव ने कहा, लोकतंत्र में जब गिनती होती है तो आस और उम्मीद खत्म नहीं होती
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत की। जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या इंडिया गठबंधन सरकार बनाएगा? इसके जवाब में अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन की सरकार बनने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा लोकतंत्र में जब तक गिनती होती है तो आस और उम्मीद कभी भी ख़त्म नहीं होती है। साथ ही उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन बहुमत से काफी दूर है। इंडिया गठबंधन के खाते में 234 सीटें आयी हैं। जबकि सरकार बनाने के लिए 272 सीटें चाहिए। फिर भी उसने सरकार बनाने की आस नहीं छोड़ी है।
दरअसल लोकसभा चुनाव में एनडीए को 292 सीटें मिली हैं जबकि बीजेपी को 240 सीटें मिली है। बीजेपी को मिली 240 सीटों के कारण राजनैतिक गलियारों में चर्चा है कि एनडीए की वापिसी मुश्किल हो सकती है। राजनैतिक गलियारों में इस चर्चा का कारण एनडीए में शामिल टीडीपी और जेडीयू है। क्योंकि इस दोनों ही पार्टियों का इतिहास पलटी मारने का रहा है। फ़िलहाल टीडीपी के पास 16 सीटें और जेडीयू के पास 12 सीटें हैं। इंडिया गठबंधन के नेता इशारों इशारों में दोनों ही पार्टियों को अपनी तरफ करने की बातें कर रहे हैं।
अग्निवीर योजना को लेकर भी बोले अखिलेश
मीडिया से बातचीत के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अग्निवीर योजना को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी कभी भी अग्निवीर योजना को स्वीकार नहीं करेगी। साथ ही उन्होंने कहा, “खुशी की बात है कि इस बार विपक्ष मजबूत होगा। इस बार विपक्ष की आवाज नहीं दबेगी। ऐसे कई महत्वपूर्ण सवाल हैं जो जनता के सामने प्रस्तुत किए गए। सबसे बड़ा सवाल अग्निवीर नौकरियां हैं। समाजवादी पार्टी कभी भी अग्निवीर व्यवस्था को स्वीकार नहीं कर सकती।”
