ओलम्पिक गेम्स में भारतीय रेसलर विनेश फोगाट का सपना टूटा, पीएम मोदी ने कहा, आप चैंपियंस की चैंपियन
पेरिस ओलम्पिक गेम्स में भारत को बड़ा झटका लगा है। भारतीय रेसलर विनेश फोगाट 50 किलोग्राम महिला वर्ग की रेसलिंग के फाइनल से बाहर हुयी है। इसकी वजह रही उनका वजन। ओवरवेट होने के चलते वह डिसक्वालीफाई की गईं। जिसकी वजह से भारतीय रेसलर विनेश फोगाट का न सिर्फ सपना टूटा है, बल्कि बड़ा मैडल भी हाथ से छूटा है।
दरअसल 7 अगस्त बुधवार को विनेश फोगाट को ओवरवेट होने के चलते फाइनल से पहले अयोग्य घोषित कर दिया गया। जैसे ही यह खबर सामने आयी तो विनेश फोगाट के फैंस और खेल प्रेमियों के साथ साथ देश की नामचीन हस्तियों का भी दिल टूट गया। हालाँकि इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विनेश फोगाट का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आप चैंपियंस की चैंपियन हो।
पीएम ने बढ़ाया हौसला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विनेश फोगाट का हौसला बढ़ाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “विनेश फोगाट, आप चैंपियंस की चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। आज का झटका दर्द देने वाला है। काश शब्द उस निराशा की भावना को व्यक्त कर पाते, जो मैं फिलहाल अनुभव कर रहा हूँ। मैं इसके साथ ही जानता हूं कि आप लचीलेपन का प्रतीक हैं। चुनौतियों का डटकर मुकाबला करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है। आप मजबूत होकर वापस आओ! हम सब आपके पक्ष में हैं।”
भारतीय ओलम्पिक संघ ने दिया अपडेट
विनेश फोगाट को लेकर भारतीय ओलम्पिक संघ ने अपडेट दिया। उन्होंने बताया, “रात भर टीम के बेहतरीन प्रयासों के बाद भी आज सुबह विनेश फोगाट का वजन 50 किलो से कुछ ग्राम अधिक था। फिलहाल दल कोई और टिप्पणी नहीं करेगा। भारतीय दल आपसे विनेश फोगाट की निजता का सम्मान करने की गुजारिश करता है। वह मौजूदा प्रतियोगिताओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहेंगी। भारतीय पहलवान को यूडब्ल्यूडब्ल्यू नियमों के अनुसार अंतिम स्थान दिया जाएगा।”

