आईपीएल की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स को मिला नया बल्लेबाज, जानें किस खिलाडी की जगह मिली एंट्री
क्रिकेट के मैदान पर जल्द ही आईपीएल 2024 का आगाज होने वाला है। उसके लिए सभी टीमों ने अपने अपने खिलाडियों का चयन कर लिया है। इसी कड़ी में आईपीएल 2024 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स में एक नए खिलाडी की एंट्री हुयी है। कोलकाता नाइट राइडर्स में इंग्लैंड के विकेट कीपर और बल्लेबाज फिलिप साल्ट की एंट्री हुयी है। फिलिप साल्ट अभी तक आईपीएल के ऑक्शन में अनसोल्ड थे, लेकिन अब उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से बुलावा आ गया है। यह आईपीएल साल्ट के लिए दूसरा आईपीएल का सीजन है। इससे पहले साल्ट ने अपने करियर का पहला आईपीएल दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेला था।
साल्ट को केकेआर में एंट्री जेसन रॉय की जगह मिली है। जेसन रॉय इस आईपीएल सीजन में अपने निजी कारणों की वजह से नहीं खेल पा रहे हैं। दरअसल इंडियन प्रीमियर लीग ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए केकेआर को लेकर अपडेट दिया। लिहाजा उनकी गैरमौजूदगी में साल्ट को मौका दिया गया है। केकेआर ने साल्ट को 1.5 करोड़ रुपए देकर टीम में शामिल किया है। साल्ट कई मौकों पर दमदार प्रदर्शन कर चुके हैं।
साल्ट का टी20 का प्रदर्शन
फिलिप साल्ट एग्रेसिव बैटिंग के लिए जाने जाते हैं। वे टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक लगा चुके हैं। साल्ट ने पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक लगाया था। उन्होंने 48 गेंदों में शतक जड़ दिया था। अगर साल्ट के टी20 इंटरनेशनल करियर को देखें तो वह शानदार रहा है। उन्होंने महज 21 मैचों में 639 रन बनाए हैं। इस दौरान 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 119 रन रहा है।
साल्ट का आईपीएल करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा है। उन्होंने पिछले सीजन में डेब्यू मैच खेला था। साल्ट दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे। उन्होंने अभी तक 9 आईपीएल मैच खेले हैं और इस दौरान 218 रन बनाए हैं। साल्ट आईपीएल में 2 अर्धशतक लगा चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ आईपीएल स्कोर 87 रन रहा है।

