रेपिस्ट को फांसी की सजा का बिल लाने को ममता सरकार ने बुलाया विधानसभा का विशेष सत्र
कोलकत्ता आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप-मर्डर केस में चारो ओर से घिरी ममता बनर्जी की सरकार। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। मुख्यमंत्री ने कल 28 अगस्त को टीएमसी छात्र परिषद् के स्थापना दिवस पर आयोजित रैली में विधानसभा सत्र बुलाने के संकेत दिए थे। ममता बनर्जी ने कोलकत्ता रेप-मर्डर जैसी घटनाओं को लेकर कहा कि इस तरह के घिनौने अपराध के दोषियों को तय समय में फांसी देने के बिल को वह विधानसभा में बिल पास करवाएंगीं। मंगलवार को इस बिल के पेश होने की संभावना है।
दरअसल, कोलकत्ता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी को लेकर ममता सरकार बैकफुट पर है। केस की शुरुआत जांच के दौरान पुलिस पर लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं। बीजेपी के नेतृत्व में लोगों ने ममता सरकार के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया है। सीएम ममता के इस्तीफे की मांग भी की गई है। बंगाल में बुधवार को बंद भी बुलाया गया, जिसका अच्छा खासा असर देखने को मिला है। कई जगह टीएमसी-बीजेपी कार्यकर्ताओं की झड़प भी हुई।
बिल को पास करने में देरी की तो धरना देंगे– ममता बनर्जी
टीएमसी छात्र परिषद् के स्थापना दिवस पर आयोजित रैली में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि विधानसभा में बिल पास करवाकर ये सुनिश्चित करेंगे कि दुष्कर्म के अपराधियों को मौत की सजा मिले। अगर राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने बिल को मंजूरी देने में देरी की तो धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम अगले हफ्ते विधानसभा के विशेष सत्र में संशोधन बिल पारित करेंगे। फिर हम इसे मंजूरी के लिए राज्यपाल को भेजेंगे। अगर उन्होंने बिल को लटकाया तो हम राजभवन के बाहर धरना देंगे।”
