टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को दी करारी शिकस्त, सूत्रधार बने बुमराह
भारत ने आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2024 के मुकाबले में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है। न्यूयोर्क के नसाऊ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 9 जून को खेले गए मैच में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान को 120 रन का लक्ष्य दिया। लेकिन भारत की दमदार बोलिंग के सामने पाकिस्तान की टीम की एक न चली।
बुमराह बने जीत के सूत्रधार
भारत की जीत के सूत्रधार रहे यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह। बुमराह की दमदार गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान टीम के बल्लेबाजों की एक न चली। बुमराह ने अपने 4 ओवरों में मात्र 14 रन देकर 3 विकेट झटके और मैन ऑफ़ द मैच चुने गए। बुमराह की ही दमदार गेंदबाजी की बदौलत ही भारतीय टीम मैच को पलटने में कामयाब रही। बुमराह ने ही पांचवे ओवर की चौथी गेंद पर भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने पांचवे ओवर की चौथी गेंद पर पाकिस्तानी कप्तान बाबर आज़म को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
इसके बाद बुमराह ने पाकिस्तान को सबसे बड़ा झटका 15 ओवर की पहली गेंद पर दिया। जब उन्होंने मोहम्मद रिजवान को क्लीन बोल्ड किया। यही वो समय था जब मैच पूरी तरह से बदल गया। रिजवान पूरी तरह से क्रीज़ पर सेट थे।
पाकिस्तान को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 21 रन चाहिए थे। इस समय पाकिस्तान के पास पांच विकेट हाथ में थे। यहाँ से सभी की उम्मीदें इफ्तिखार अहमद पर थी। लेकिन 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर बुमराह ने इफ्तिखार को अर्शदीप के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापिस भेज दिया।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा आखिरी ओवर के लिए अर्शदीप को लाये। उस समय क्रीज़ पर शाहीन आफरीदी इमाद वसीम मौजूद थे। अपने ओवर की पहली ही गेंद पर अर्शदीप ने इमाद को कैच आउट कराकर मैदान से बाहर भेज दिया। इमाद के आउट होते ही पाकिस्तान की थोड़ी बहुत बची उम्मीद भी ख़त्म हो गयी। अर्शदीप के इस ओवर में पाकिस्तानी खिलाडियों ने 11 रन बनाये। लेकिन जब तक मैच हाथों से फिसल चुका था।
रोहित शर्मा ने की बुमराह की तारीफ
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बुमराह की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “बुमराह लगातार मजबूत होते जा रहे हैं. हम सभी जानते हैं कि वह क्या कर सकते हैं. उनके बारे में ज्यादा बात नहीं करेंगे. हम चाहते हैं कि वह पूरे विश्व कप में इसी मानसिकता के साथ खेलें। वह एक जिनियस खिलाडी है। यह हम सभी जानते हैं।”
पूर्व क्रिकेटर वीरेंदर सहवाग ने बुमराह की तारीफ करते हुए एक्स पर लिखा, “हार से जीतने वाले को बुमराह कहते हैं, क्या शानदार स्पैल था और न्यूयोर्क में एक विशेष ही जीत थी।”
