ओम बिरला बने लोकसभा अध्यक्ष, राहुल गाँधी की फोटो शेयर कर संजय राउत ने कहा, ये तो ट्रेलर है
18वीं लोकसभा के अध्यक्ष पद के लिए शुरू से ही सत्ता पक्ष और विपक्ष में तनातनी थी। लोकसभा अध्यक्ष पद को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर हमलावर रही। इस सबके बीच ओम बिरला को 18वीं लोकसभा का अध्यक्ष चुन लिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओम बिरला के नाम का प्रस्ताव रखा। जबकि विपक्ष की ओर से के सुरेश के नाम का प्रस्ताव रखा गया। इसके बाद ध्वनिमत से अध्यक्ष पद का चुनाव हुआ और ओम बिरला को अध्यक्ष चुना गया। इसी बीच शिवसेना यूबीटी के प्रवक्ता संजय राउत का बड़ा बयान सामने आया।
ये तो ट्रेलर है– संजय राउत
संजय राउत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक फोटो शेयर की। जिसमे राहुल गाँधी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से हाथ मिला रहे हैं और पीएम मोदी पीछे खड़े हैं। संजय राउत ने इस फोटो को शेयर करते हुए लिखा, “हा हा हाहा! कौन राहुल? ये है राहुल! ये तो ट्रेलर है। आगे आगे देखो होता है क्या?”
संजय राउत ने स्पीकर पद के चुनाव को लेकर कहा, “हमने विरोध नहीं किया, परंपरा है कि चुनाव नहीं होना चाहिए, हमने ये भी दिखाया कि हम आपके सामने खड़े रहेंगे और हैं। ओम बिरला ने एक झटके में 100 से ज्यादा सांसदों को निलंबित कर दिया था आपातकाल में ऐसा नहीं हुआ था। डिप्टी स्पीकर विपक्ष को मिलना चाहिए। बातचीत हो रही है।”
