May 18, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

लोकसभा चुनाव के बाद आये एग्जिट पोल पर विपक्ष में खलबली, अखिलेश यादव ने दी अपनी प्रतिक्रिया

लोकसभा चुनाव के सभी चरणों के मतदान ख़त्म हो चुके हैं। इसके बाद आये एग्जिट पोल के आकड़ों से विपक्षी दलों में खलबली मच गयी है। सभी न्यूज़ एजेंसी के एग्जिट पोल में एनडीए को बढ़त मिल रही है। यूपी के एग्जिट पोल में भी एनडीए को बढ़त मिल रही है। साथ ही इंडिया गठबंधन काफी पीछे नजर आ रहा है।

एग्जिट पोल पर आये सीटों के आकड़ों पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “एक्ज़िट पोल की क्रोनोलॉजी समझिए- विपक्ष ने पहले ही घोषित कर दिया था कि भाजपाई मीडिया भाजपा को 300 पार दिखाएगा, जिससे घपला करने की गुंजाइश बन सके। आज का ये भाजपाई एक्ज़िट पोल कई महीने पहले ही तैयार कर लिया गया था बस चैनलों ने चलाया आज है। इस एक्ज़िट पोल के माध्यम से जनमत को धोखा दिया जा रहा है।”

अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “इस एक्ज़िट पोल को आधार बनाकर भाजपाई सोमवार को खुलने वाले शेयर बाज़ार से जाते-जाते लाभ उठाना चाहते हैं। अगर ये एक्ज़िट पोल झूठे न होते और सच में भाजपा हार न रही होती तो भाजपावाले अपनों पर ही इल्ज़ाम न लगाते। ⁠भाजपाइयों के मुरझाए चेहरे सारी सच्चाई बयान कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, ‘भाजपाई ये समझ रहे हैं कि पूरे देश का परिणाम चंडीगढ़ के मेयर के चुनाव की तरह बदला नहीं जा सकता है क्योंकि इस बार विपक्ष पूरी तरह से सजग है और जनाक्रोश भी चरम पर है। भाजपा से मिले हुए भ्रष्ट अधिकारी भी सर्वोच्च न्यायालय की सक्रियता देखकर धांधली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं, साथ ही वो जनता के क्रोध का भी शिकार नहीं होना चाहते हैं।”

कार्यकर्त्ता, पदाधिकारी और प्रत्याशियों से की अपील

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में इंडिया गठबंधन के कार्यकर्त्ता, पदाधिकारी और प्रत्याशियों से अपील करते हुए कहा, “ईवीएम की निगरानी में एक प्रतिशत भी चूक न करें। इंडिया गठबंधन जीत रहा है। इसीलिए चौकन्ने रहकर मतगणना कराएं और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही विजय का उत्सव मनाएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *