May 18, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

काउंटिंग के नए नियम को लेकर कांग्रेस ने जताई आपत्ति, उठाया सवाल, चुनाव आयोग ने दिया जवाब

लोकसभा चुनाव के सभी चरणों के मतदान ख़त्म हो चुके हैं। इसी बीच कांग्रेस के नेता अजय माकन ने काउंटिंग के नए नियम को लेकर आपत्ति जताई है। अजय माकन ने वोटों की काउंटिंग के दौरान सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की टेबल पर प्रत्याशियों के काउंटिंग एजेंटों को बैठने की इजाजत नहीं देने के नए नियम पर सवाल उठाया है। उनके इस सवाल का चुनाव आयोग ने जवाब दिया।

कांग्रेस नेता अजय माकन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, “पहली बार उम्मीदवारों के काउंटिंग एजेंटों को एआरओ टेबल पर आने की इजाजत नहीं दी जा रही है। मैंने अब तक 9 लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़े हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है। अगर ये बात सच है तो फिर ये ईवीएम में कथित छेड़छाड़ से भी ज्यादा बड़ी चीज है। मैं हर उम्मीदवार के लिए इस मुद्दे को उठा रहा हूं। मुझे उम्मीद है चुनाव आयोग जल्द ही इसे ठीक करेगा।”

अजय माकन के इस पोस्ट के जवाब में चुनाव आयोग ने जवाब दिया। मुख्य चुनाव आयोग अधिकारी ने इस आरोप के जवाब में कहा कि काउंटिंग एजेंटों को रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) टेबल पर बैठने की इजाजत है। माकन के ट्वीट का जवाब देते हुए चुनाव अधिकारी ने कहा, “यह स्पष्ट किया जाता है कि उम्मीदवारों के काउंटिंग एजेंटों को आरओ/एआरओ की टेबल पर जाने की अनुमति है।”

4 जून को वोटों की गिनती होनी है। जिसके बाद पता चलेगा कि लोकसभा की 543 सीटों पर किसको कितनी सीटें मिलेंगी। कई न्यूज़ चैनल्स के एग्जिट पोल सामने आ चुके हैं। जिनमे एनडीए गठबंधन की सरकार बनती हुयी दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *