Headlines

भारत के प्रहार से बौखलाया पाकिस्तान, सोशल मीडिया पर कर्ज की गुहार, बाद में बताया अकाउंट हैक

Spread the love

भारत द्वारा आतंक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन सिंदूर” की मार झेल रहे पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति और अधिक चरमरा गई है। भारत की ओर से की गई सटीक सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर सहानुभूति और सहायता पाने की कोशिश कर रहा है। इसी सिलसिले में पाकिस्तान के वित्त मंत्रालय के एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से दुनियाभर के देशों और संस्थाओं से मदद की अपील की गई।

इस पोस्ट में पाकिस्तान ने वर्ल्ड बैंक समेत कई वैश्विक संस्थाओं को टैग करते हुए लिखा, “भारत के हमले से हुए भारी नुकसान के बाद पाकिस्तान सरकार अंतरराष्ट्रीय भागीदारों से अधिक वित्तीय सहायता की मांग करती है। युद्ध की आशंका और आर्थिक बाजार में गिरावट के कारण हम वैश्विक सहयोगियों से तनाव कम करने और आर्थिक स्थिरता के लिए समर्थन चाहते हैं।”

इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर तुरंत हलचल मचा दी। दुनियाभर में यह संदेश फैल गया कि पाकिस्तान अब सार्वजनिक रूप से कर्ज की मांग कर रहा है। हालांकि कुछ समय बाद पाकिस्तान सरकार ने सफाई दी कि यह पोस्ट उसके द्वारा नहीं किया गया था बल्कि वित्त मंत्रालय का एक्स अकाउंट हैक हो गया था। सरकार ने यह भी कहा कि वह इस मामले की जांच कर रही है और संबंधित अकाउंट को बंद करने की प्रक्रिया में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी तरह की वित्तीय मदद की अपील नहीं की है।

ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान की प्रतिक्रिया

भारत ने 6 और 7 मई की रात पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों पर जबरदस्त सैन्य कार्रवाई की थी। इस अभियान को “ऑपरेशन सिंदूर” नाम दिया गया था। भारत की इस सर्जिकल स्ट्राइक में आतंकवादियों के कई प्रशिक्षण केंद्र और ठिकाने नष्ट हो गए।

भारत की इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने प्रतिक्रिया में भारत के 15 शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, भारत की वायु सुरक्षा प्रणाली ने समय रहते इन ड्रोन और मिसाइल हमलों को विफल कर दिया और पाकिस्तान को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा। भारत ने पहले ही पाकिस्तान को चेताया था कि किसी भी दुस्साहस का करारा जवाब दिया जाएगा।

पाकिस्तानी सेना की ओर से की गई इन विफल कोशिशों के बाद अब पाकिस्तान आर्थिक मोर्चे पर भी घिर गया है। उसकी एयर डिफेंस प्रणाली, मिसाइलें और कई सैन्य संसाधन भारत की कार्रवाई में तबाह हो चुके हैं। इसी के चलते देश की आर्थिक हालत और खराब होती जा रही है।

पाकिस्तान की आर्थिक बदहाली

पाकिस्तान की खस्ता आर्थिक हालत किसी से छिपी नहीं है। वह इस समय अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से 8.8 अरब डॉलर का कर्ज लिए हुए है, जिससे वह आईएमएफ का चौथा सबसे बड़ा कर्जदार बन चुका है। वैश्विक रेटिंग एजेंसी मूडीज ने 5 मई को पाकिस्तान को आगाह करते हुए कहा था कि अगर वह भारत के साथ तनाव बढ़ाता है तो इससे उसकी अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा। इससे देश के विकास की रफ्तार, राजकोषीय संतुलन और आर्थिक स्थिरता को गहरा आघात लग सकता है।

पाकिस्तान पहले ही महंगाई, बेरोजगारी, घटते विदेशी मुद्रा भंडार और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा है। ऐसे में भारत के साथ सैन्य तनाव ने उसकी समस्याओं को और अधिक बढ़ा दिया है। अब जब सोशल मीडिया पर उसके वित्त मंत्रालय की ओर से कर्ज की अपील की खबर सामने आई तो यह संकेत मिला कि पाकिस्तान पूरी तरह से बौखला गया है।

हालांकि, अकाउंट हैकिंग की सफाई देकर पाकिस्तान ने इस खबर को दबाने की कोशिश की, लेकिन दुनिया यह भलीभांति जानती है कि उसकी माली हालत क्या है और वह कब तक इस तरह की दलीलों के सहारे खुद को बचा पाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *