May 18, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

पीएम मोदी ने सोनमर्ग टनल का किया उद्घाटन, सीएम उमर अब्दुल्ला ने की पीएम मोदी की तारीफ

आज सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनमर्ग टनल का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जम्मू-कश्मीर के गांदरबल पहुंचे, जहाँ उन्होंने जेड-मोड टनल का उद्घाटन किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, एलजी मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मौजूद रहे।

सोनमर्ग टनल के उद्घाटन कार्यक्रम में सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा, “10 अक्टूबर को इस सुरंग परियोजना पर हुए आतंकवादी हमले में मारे गए सात लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। अगर मैं उन्हें श्रद्धांजलि दिए बिना भाषण शुरू करूं तो यह अन्याय होगा। दुर्भाग्य से पिछले 35-37 सालों में यहां हजारों लोगों ने इस देश की प्रगति के लिए, जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।”

प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ

उद्घाटन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सीएम उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “हम मुल्क का सौदा करने के लिए तैयार नहीं थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यहां मौजूद होना इस बात की गवाही है कि वो लोग जो इस मुल्क की बेहतरी नहीं चाहते, वो कभी कामयाब नहीं हो सकते उन्हें हम हमेशा हराकर वापस भेजेंगे। जम्मू कश्मीर के लोग आज इस बात से मुतमइन हैं कि इस टनल का शुभारंभ आपके हाथों हुआ। इस टनल का लोगों को बेसब्री से इंतजार था। साल के 12 महीने यहां टूरिज्म होगा। आपने तीन अहम बातें की थी, दिल की दूरी और दिल्ली की दूरी मिटाने में आप लगे हैं। 15 दिन के अंदर जम्मू कश्मीर में आपने दो प्रोजेक्ट दिए। ऐसे फैसलों से न सिर्फ दिल की दूरी बल्कि दिल्ली की दूरी भी कम होती है।”

सीएम अब्दुल्ला ने आगे कहा, “आपने जम्मू कश्मीर में चुनाव कराए, जिसमें लोगों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। कहीं भी धांधली नहीं हुई, इसका श्रेय आपको और चुनाव आयोग को जाता है। हम उम्मीद करते हैं कि आप अपना तीसरा वादा पूरा करेंगे और जम्मू कश्मीर फिर से रियासत बनेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *