विपक्षी एकता की बैठक से पहले लखनऊ में सपा दफ्तर के बहार लगे विपक्षी एकता के पोस्टर
2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए सभी विपक्षी दल एक हो रहे हैं। इसके लिए 23 जून को पटना में सभी विपक्षी दलों की बैठक होने वाली है। इस बैठक से पहले लखनऊ में सपा दफ्तर के बाहर विपक्षी एकता के बड़े बड़े पोस्टर लगवा दिए गए हैं। इन पोस्टर में भाजपा के खिलाफ सभी विपक्षी दलों के एकजुट होने की बात कही गयी है। इसके साथ ही पोस्टर पर नारा भी दिया गया है “80 हराओ, भाजपा हटाओ”।
विपक्षी एकता के ये पोस्टर सपा नेता आशुतोष सिंह ने लगवाए हैं। इन पोस्टर में भाजपा को हराने के लिए सभी विपक्षी दलों के एक साथ आने की बात कही गयी है। पोस्टर पर कई पार्टियों के बड़े बड़े नेताओं की फोटो भी लगी हुयी है। पोस्टर पर खासतौर पर उन नेताओं की फोटो लगायी गयी है जिनसे पिछले दिनों सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुलाकात हुयी थी। इन पोस्टर में सबसे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की फोटो लगी है। उनके साथ बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और राष्ट्रिय लोकदल के मुखिया जयंत चौधरी की फोटो लगी है।
पोस्टर पर कांग्रेस के किसी भी नेता की तस्वीर नहीं
लखनऊ में सपा दफ्तर के बाहर लगे पोस्टरों पर लिखा गया है कि भाजपा को हराने के लिए सभी विपक्षी दल साथ आये। इसके साथ ही 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए आगाज भी किया गया है कि 80 हराओ बीजेपी हटाओ। सपा दफ्तर के बाहर लगे विपक्षी एकता के पोस्टर की सबसे दिलचस्प बात यह है कि इन पोस्टर से कांग्रेस की तस्वीर नदारद है। इस पोस्टर में तमाम विपक्षी दलों के नेताओं के बीच कांग्रेस के किसी भी नेता की तस्वीर नहीं है। हालांकि खबर है कि कांग्रेस 23 जून को होने वाली विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होगी। सूत्रों अनुसार माना जा रहा है कि इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गाँधी शामिल हो सकते हैं।
