ज्योतिरादित्य सिंधिया को उज्जैन से विधानसभा चुनाव में उतारने की तैयारी, दो और केंद्रीय मंत्रियों को उतार सकती है विधानसभा चुनाव में बीजेपी
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के विधानसभा चुनाव में उतरने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है। अब यह भी खबर आ रही है कि बीजेपी मालवांचल में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए सिंधिया को उज्जैन से टिकट देने पर भी चर्चा कर रही है। हालाँकि सब कुछ स्पष्ट टिकट वितरण सूचि आने के बाद ही साफ हो पायेगा।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया का सम्बन्ध केबल ग्वालियर और चम्बल से ही नहीं बल्कि मालवांचल से भी गहरा सम्बन्ध है। वे धार्मिक नगरी उज्जैन लगातार आते रहते हैं। कहा तो यह भी जाता है कि भगवान महाकाल की सवारी को सिंधिया स्टेट में भी भव्य रूप दिया गया है। यही वजह है कि भगवान महाकाल की आखिरी सवारी में पूजा के लिए सिंधिया परिवार का एक न एक सदस्य जरूर उज्जैन आता है। इसके अलावा भगवान महाकाल के सेनापति काल भैरव की पगड़ी भी सिंधिया स्टेट से ही आती है।
उज्जैन से बीजेपी के प्रत्याशी हो सकते हैं सिंधिया
ज्योतिरादित्य सिंधिया जब कांग्रेस में थे। उस समय धार्मिक नगरी उज्जैन का टिकट उनके खाते में जाता था। अब कहा जा रहा है कि बीजेपी भी ज्योतिरादित्य सिंधिया को धार्मिक नगरी उज्जैन से विधानसभा चुनाव में उतारने की तैयारी कर रही है।
दो और केंद्रीय मंत्रियों को चुनावी मैदान में उतर सकती है बीजेपी
बीजेपी ने अपनी दूसरी प्रत्याशियों की सूची में तीन केंद्रीय मंत्रियों को चुनावी मैदान में उतार चुकी है। इनमें फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रहलाद पटेल और नरेंद्र सिंह तोमर शामिल हैं। अब मोदी सरकार में मध्यप्रदेश से दो मंत्री शेष हैं, उन्हें भी चुनावी मैदान में उतारने पर चर्चा तेजी से चल रही है। इसमें वीरेंद्र खटीक के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम भी शामिल है।
पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने उज्जैन से ज्योतिरादित्य सिंधिया को टिकट देने का समर्थन करते हुए कहा कि अगर बीजेपी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव में उतारना चाहती है तो उज्जैन सर्वश्रेष्ठ निर्णय होगा। उज्जैन से सिंधिया परिवार का पुश्तैनी रिश्ता रहा है। यहाँ के लोगों का उनसे काफी जुड़ाव भी है।

