यूपी में विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले ही आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू
उत्तर प्रदेश की राजनीती में विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष ने एक दूसरे पर आरोप और प्रत्यारोप लगाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने यूपी की बीजेपी सरकार पर आक्रामक रुख अख्तियार किया। सपा नेता शिवपाल यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीजेपी सरकार पर कई मुद्दों पर आरोप लगाए और कहा कि सरकार संवाद करना नहीं चाहती है।
सदन चलाने से भागती है बीजेपी सरकार– शिवपाल यादव
शिवपाल यादव ने यूपी की बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए अपने सोशल मीडिया प्ल्टेफोर्म एक्स पर लिखा, “बिजली, पानी, सड़क, खेती -किसानी और कानून व्यवस्था के मोर्चे पर असफल हुई सरकार, अब इतनी निःशब्द है कि सदन में भी संवाद नहीं करना चाहती। सदन चलाने से भागती यह भाजपा सरकार !”
बीजेपी ने विपक्ष पर बोला हमला
विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी विपक्ष पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ”अभी बैठक है, उसके बाद सत्र शुरू होगा। हमारी सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। विपक्ष के पास कुछ नहीं है। वे निराश हैं।”
वहीँ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक भी आएंगे। मुझे उम्मीद है कि सदन की कार्यवाही उचित तरीके से चलेगी। इसके अलावा डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य को वही पढ़ने को मजबूर होना पड़ता है जो समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव उनके लिए लिखते हैं।

