यूपी में इंडिया गठबंधन पर मंडराया खतरा, कांग्रेस ने उपचुनाव में सभी सीटों पर की तैयारी शुरू
यूपी में दस विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। अब कांग्रेस ने सभी दस सीटों पर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने पहले ही इस सभी सीटों पर अपने प्रभारी और पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए थे। अब कांग्रेस नयी रणनीति के साथ मैदान में आ गयी है। पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा सभी सीटों पर सम्मलेन किये जा रहे हैं। कांग्रेस बूथ स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गयी है।
दरअसल कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के तहत पांच सीटों की मांग की है। लेकिन समाजवादी पार्टी दो ही सीटें देने पर विचार कर रही है। कांग्रेस की प्रदेश कमेटी का मानना है कि जिन सीटों पर उपचुनाव होना हैं उनमें से मिर्जापुर की मझवां सीट, फूलपुर, मीरापुर, गाजियाबाद और खैर विधानसभा सीटों पर सपा का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं था। इस सीटों पर सपा कमजोर है इसलिए यहां से कांग्रेस पार्टी को चुनाव लड़ने का मौका देना चाहिए।
यूपी में इंडिया गठबंधन पर खतरा
जानकारी के अनुसार कांग्रेस ने सपा के सामने दस सीटों में से पांच सीटों की मांग रखी है। लेकिन सूत्रों की मानें तो सपा कांग्रेस को एक भी सीट देने के मूड में नहीं है। जिस तरह से कांग्रेस ने मध्यप्रदेश और हरियाणा के चुनाव में सपा को एक भी सीट नहीं दी। उसी का बदला सपा यूपी के उपचुनाव में ले सकती है। कांग्रेस को इस बात का एहसास है। इसीलिए पार्टी ने सभी दस सीटों पर तैयारी शुरू कर दी है।
उपचुनाव वाली सीटों पर पर्यवेक्षक नियुक्त करने के बाद कांग्रेस ने यहाँ सम्मेलन शुरू कर दिए हैं। जिसमें ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को अपने साथ जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए साथ पार्टी उन जिताऊ और मजबूत चेहरे की तलाश में भी जुट गई है जिन्हें उपचुनाव में उतारा जा सके।
राजनितिक जानकारों का मानना है कि जिस तरह से कांग्रेस और सपा दोनों ही अलग अलग उपचुनावों की तैयारियों में जुट गयी हैं। उस हिसाब से यूपी के उपचुनाव में दोनों ही पार्टियां एक दूसरे के आमने सामने होंगी। ऐसे में इंडिया गठबंधन के ऊपर खतरा मंडराता हुआ नजर आ रहा है।

