यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अखिलेश यादव के अमर्यादिक बयान पर किया पलटवार
लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख दलों में तीखी बयानबाजी चल रही है। यह तीखी बयानबाजी कांग्रेस पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही है। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सपा को एक भी सीट नहीं दी। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर अमर्यादिक टिप्पणी की है। वहीं इस टिपण्णी को लेकर अजय राय ने अखिलेश यादव पर पलटवार किया है।
अजय राय ने अखिलेश यादव की अमर्यादिक टिप्पणी पर कहा कि मेरी जानकारी के अनुसार सपा प्रमुख ऑस्ट्रेलिया और सैनिक स्कूल से पढ़े हुए हैं। लेकिन मुझ पर की गई उनकी अमर्यादित टिप्पणी गली जैसे और बेहद साधारण व्यक्ति की तरह नजर आ रही है। कांग्रेस पार्टी ने घोसी उपचुनाव से लेकर अन्य जगहों पर अपना बड़ा दिल दिखते हुए गठबंधन के नियमानुसार हमेशा सपा का साथ दिया। आज भी हम विनम्रता पूर्वक अखिलेश यादव से लोकसभा चुनाव के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए अपील कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि पिता का अपमान करने वाले से क्या अपेक्षा की जा सकती है। उन्होंने तो भारतीय राजनीति के बड़े नेता माने जाने वाले माननीय मुलायम सिंह यादव का भी अपमान कर दिया था।
बागेश्वर उपचुनाव को लेकर लगाया आरोप
अजय राय ने बागेश्वर उपचुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि उन्होंने बागेश्वर उपचुनाव में बीजेपी के एजेंट की तरह काम किया। जिससे वहां पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। जबकि कांग्रेस इंडिया गठबंधन के नियमानुसार सबको साथ लेकर चल रही है। घोसी उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने सपा का समर्थन किया। जिससे सपा को घोसी उपचुनाव में जीत हासिल हुयी। उन्होंने आगे कहा कि जिन राज्यों में हम मजबूत हैं वहां पर सपा को हमारा समर्थन करना चाहिए लेकिन सपा अपना रुख दिखा रही है।
