रेवाड़ी में रैली को सम्बोधित करते हुए अमित शाह ने राहुल गाँधी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा
हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी में वार-पलटवार की जुबानी जंग अब तेज हो गयी है। जहाँ एक तरफ कांग्रेस बीजेपी पर किसानों और आरक्षण को लेकर निशाना साध रही है। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज 27 सितम्बर को रेवाड़ी में एक रैली को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गाँधी पर जमकर निशाना साधा।
आरक्षण को लेकर साधा निशाना
रेवाड़ी रैली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी पर आरक्षण को लेकर हमला करते हुए कहा, “कांग्रेस पार्टी वोट बैंक के लालच में तुष्टीकरण की राजनीति करती है। कांग्रेस के जमाने में हरियाणा में हथिनी से थानसेर तक पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाये जाते थे। राहुल गांधी अमेरिका में जाकर आरक्षण हटाने की बात करते हैं। ये हम पर आरोप लगाते थे कि हम आरक्षण समाप्त करने वाले हैं और अमेरिका जाकर अंग्रेजी में बोलकर आए कि आरक्षण समाप्त कर देंगे। राहुल गांधी आप आरक्षण कैसे समाप्त कर दोगे, सरकार हमारी है और मैं कह देता हूं कि जब तक संसद में बीजेपी का एक भी सांसद है, तब तक आप आरक्षण समाप्त नहीं कर सकते हैं।”
अग्निवीर योजना और एमएसपी को लेकर कांग्रेस को घेरा
अमित शाह ने अग्निवीर योजना को लेकर कहा, “हर अग्निवीर को पेंशन वाली नौकरी दी जाएगी। कांग्रेस पार्टी सेना का सम्मान नहीं करती है। कांग्रेस ने सेनाध्यक्ष को गुंडा कहा था।” केंद्रीय गृहमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, “हरियाणा में कांग्रेस की सरकार थी, कट, कमीशन और करप्शन से चलती थी। डीलर, दलाल और दामादों का राज चलता था। बीजेपी सरकार में न डीलर बचे न ही दलाल बचे, दामाद का तो सवाल ही नहीं है।”
गृहमंत्री ने एमएसपी पर बोलते हुए कहा, “राहुल गांधी को अभी किसी एनजीओ ने पकड़ा दिया है कि एमएसपी बोलने से वोट मिल जाएंगे। खरीफ और रबी की फसल कौन सी है, क्या आपको मालूम है। पूरे देशभर में कांग्रेस की जो सरकारें चल रही हैं, वे एमएसपी के नाम पर किसानों से झूठ बोलना बंद करें। हरियाणा की बीजेपी सरकार किसानों से 24 फसलें एमएसपी पर खरीद रही है। हरियाणा में कांग्रेस के नेता एक बार बता दें कि देश में आपकी कौन सी सरकार MSP पर 24 फसल खरीदती है?”

