Headlines

मुंबई मीटिंग के बाद एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने बताया कहाँ होगी इंडिया गठबंधन की अगली मीटिंग

मुंबई में इंडिया गठबंधन की तीसरी बैठक 1 सितंबर को समाप्त हुयी। इस बैठक के ख़त्म होने के बाद यह सवाल खड़ा हुआ कि विपक्षी गठबंधन इंडिया की अगली बैठक कहाँ पर और कब होगी ? इसके जवाब में एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने जवाब देते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन की अगली बैठक दिल्ली में होगी। तारीख के जवाब में उन्होंने कहा “आपको किस दिन चाहिए, हम उस दिन रख लेंगे। ”

बैठक के बाद केजरीवाल ने कहा

बैठक ख़त्म होने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दो दिन की बैठक अच्छी रही। सभी ने आगे आकर खुद अपनी जिम्मेदारियाँ उठायी। किसी ने सोशल मीडिया का काम संभालने की बात कही तो किसी ने मीडिया की जिम्मेदारी ली। साथ ही कुछ ने सीट शेयरिंग की जिम्मेदारी ली तो कुछ ने कैंपेन डिज़ाइनिंग के काम की जिम्मेदारी ली। इसी के साथ केजरीवाल ने दावा किया कि आने वाले समय में सभी भारतीय एक साथ आएंगे और मोदी सरकार को गिराने का काम करेंगे।

शरद पवार ने बीजेपी पर साधा निशाना

बैठक के बाद शरद पवार ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर बीजेपी के बड़े नेता ने घमंडिया शब्द का इस्तेमाल किया। इससे साबित होता है कि घमंडिया कौन है। बीजेपी वालों को यह पसंद ही नहीं है कि लोग एक साथ आएं। इसके बाद शरद पवार ने कहा कि वो वादा करते हैं कि गलत रास्ते पर नहीं जायेंगे।

बीजेपी ने साधा इंडिया गठबंधन पर निशाना

बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि इस गठबंधन का कोई असर नहीं पड़ने वाला है। सारे नेता मुंबई में बस इस एजेंडा के साथ इकठ्ठे हुए हैं कि केंद्र से बस मोदी सरकार को हटाना है। उन्होंने दावा किया कि ऐसा करने की कोशिश इसलिए की जा रही है क्योकि मोदी सरकार ने परिवारवाद की पार्टियों की दुकानों पर ताले लगवा दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *