Headlines

महाराष्ट्र के वाशिम में जनसभा को सम्बोधित करते हुए पीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा कांग्रेस की सोच शुरू से विदेशी रही है

आज 5 अक्टूबर 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र के वाशिम पहुँचे। यहां उन्होंने कृषि और पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी विकास पहलों का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम को सम्बोधित किया। अपने सम्बोधन के दौरान पीएम ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत में ही कहा, “आज नवरात्रि में मुझे माता जगदम्बा के मंदिर में उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला है। मैंने संत सेवालाल महाराज और संत रामराव महाराज की समाधि पर जाकर उनका आशीर्वाद भी लिया है। मैं इन दोनों महान संतों को शीश झुकाकर नमन करता हूं। आज महान योद्धा और गोंडवाना की रानी दुर्गावती जी की जन्म जयंती भी है। पिछले वर्ष देश ने उनकी 500वीं जयंती मनाई थी, मैं रानी दुर्गावती को भी नमन करता हूं।”

अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि नवरात्रों के पावन अवसर पर मुझे पीएम किसान निधि की 18वीं क़िस्त जारी करने का अवसर मिला। देश के साढ़े नौ करोड़ किसानों के खातों में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक ट्रांसफर किये गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की डबल इंजन की सरकार तो महाराष्ट्र के लोगों को डबल फायदा पंहुचा रही है। नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना के तहत महाराष्ट्र के 90 लाख से ज्यादा किसानों को करीब 19 सौ करोड़ रुपए दिए गए हैं।

बंजारों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर साधा निशाना

पीएम ने बंजारा समुदाय का जिक्र करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद बंजारा समुदाय का नाम और गौरव बहाल करना भारतीय सरकार की जिम्मेदारी थी। जबकि कांग्रेस सरकारों ने बंजारा समुदाय को मुख्यधारा के समुदायों से अलग-थलग कर दिया। कांग्रेस की सोच शुरू से ही विदेशी रही है। अंग्रेजों की हुकूमत की तरह ही ये कांग्रेसी परिवार भी दलित, पिछड़ा और आदिवासियों को अपने बराबर नहीं मानते। इन्हें लगता है कि भारत पर सिर्फ एक परिवार की ही हुकूमत रहनी चाहिए। इसलिए उन लोगों ने बंजारा समाज के प्रति हमेशा अपमानजनक रवैया बनाए रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *