Headlines

अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर गंदी राजनीति करने का लगाया आरोप, कहा हम दुश्मन नहीं हैं

Spread the love

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को बादली और तिमारपुर में दो जनसभाओं को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी ने गंदी राजनीति करने की सारी हदें पार कर दी हैं। बीजेपी की हरियाणा सरकार ने दिल्ली के लिए यमुना में अमोनिया वाला जहरीला पानी छोड़ा। गनीमत यह रही कि समय रहते हमें उनकी बदनीयती का पता लग गया। जिससे हमने उस पानी को डाइवर्ट कर दिया। अगर वह पानी दिल्ली की जनता के घरों में पंहुच जाता तो कितने लोग बीमार पड़ते।

बीजेपी की हरियाणा सरकार पर लगाया आरोप

यमुना में हरियाणा से आ रहे पानी को लेकर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, “हमारी सरकार ने समय रहते सारा पानी डायवर्ट कर दिया। हरियाणा से आ रहे पानी में 7 पीपीएम अमोनिया है। यह मान भी रहे हैं कि इतना अमोनिया है। 7 पीपीएम अमोनिया युक्त पानी से शरीर में कई बीमारियां हो सकती है। इन्होंने ऐसा इसलिए किया कि दिल्ली में ढेरों लोग बीमार हो जाएंगे तो केजरीवाल बदनाम हो जाएगा।”

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, “ऐसी राजनीति नहीं होनी चाहिए। हम आपस में दुश्मन नहीं हैं। बीजेपी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक ही देश का हिस्सा है। बीजेपी को अपना काम बताकर चुनाव लड़ना चाहिए। बीजेपी को बताना चाहिए कि वह क्या काम करेगी? बीजेपी वाले दिल्ली के लोगों को बीमार कर या जान को खतरे में डालकर चुनाव लड़ना चाहते हैं। दिल्ली वालों से मैं कहता हूँ मैं जब तक हूँ, चिंता मत करना। मैं दिल्ली के लोगों को पीने के लिए गंदा पानी नहीं भेजने दूंगा। आपके घर में जहरीला पानी नहीं आने दूंगा।”

बीजेपी पर साधा निशाना

अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी ने मुझे बदनाम करने के लिए मेरे साथ आम आदमी पार्टी के पांच नेताओं को जेल में डाल दिया। इन लोगों ने आम आदमी पार्टी के नेताओं को परेशान किया। जितना अत्याचार इन्होने आम आदमी पार्टी पर किया है उतना अत्याचार आजतक के इतिहास में किसी भी पार्टी या नेता पर नहीं हुआ है। इन्होने मुझे, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और संजय सिंह को जेल में डाल दिया था। मेरे साथ साथ इन्होने दिल्ली की जनता को भी परेशान किया है। मेरे पीछे इन्होंने सड़कें नहीं बनने दी, सीवर साफ नहीं होने दी, पानी गंदा करा दिया। इन्होंने दिल्ली में इतनी अफरा-तफरी मचाई। ताकि केजरीवाल बदनाम हो जाए।  जेल से आने के बाद मैंने तेज गति से कई सारे काम कराएं हैं। कई काम रह गए है। सरकार बनने के बाद एक-एक कर सारी सड़कें ठीक करा दूंगा। पानी और सीवर ठीक करा दूंगा। 10 मार्च तक ये काम करा दूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *