दिल्ली में चल रहे पानी के संकट को लेकर आमने सामने आयी आप और कांग्रेस, कांग्रेस ने किया मटका फोड़ प्रदर्शन
दिल्ली इस समय पानी की कमी के संकट से जूझ रही है। दिल्ली के कई इलाकों में पानी की भीषण कमी हो गयी है। जिसकी वजह से विपक्ष आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमलावर हो रहा है। पानी की कमी के संकट को देखते हुए इंडिया गठबंधन में शामिल कांग्रेस ने भी आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख देवेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर दिल्ली के युसूफ सराय इलाके में मटका फोड़ प्रदर्शन किया।
कांग्रेस का मटका फोड़ प्रदर्शन
दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख देवेंद्र यादव की अगुवाई में दिल्ली के युसूफ सराय इलाके में मटका फोड़ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल की दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा, “पिछले कुछ दिनों से, दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार आरोप-प्रत्यारोप का खेल खेल रही हैं। दिल्ली के जल संकट का कोई समाधान नहीं दिया गया है। अगर हरियाणा या यूपी पानी नहीं दे रहे हैं तो केंद्र सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए और समाधान पेश करना चाहिए।”
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष ने आगे कहा, “जनता पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष कर रही है। कांग्रेस पार्टी गूंगी-बहरी सरकार को जगाने के लिए दिल्ली में मटका फोड़ प्रदर्शन कर रही है। टैंकर माफिया और पानी की उचित जांच होनी चाहिए। बोतलों में पानी की आपूर्ति की जा रही है।”
बीजेपी ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर कसा तंज
बीजेपी ने कांग्रेस के मटका फोड़ प्रदर्शन पर तंज कसा है। बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, “ये जल संकट कल से शुरू नहीं हुआ। यह पूरे चुनाव के दौरान चलता रहा क्योंकि गर्मियां शुरू हो चुकी थीं। वे दिल्ली में आप के साथ गठबंधन में थे और सीटें साझा की थीं, इसलिए उन्होंने तब यह मुद्दा नहीं उठाया।”
