Headlines

महाराष्ट्र में बीजेपी का संकल्प पत्र जारी करते हुए अमित शाह ने राहुल गाँधी पर साधा निशाना

Spread the love

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बीजेपी का संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज यहां जिस संकल्प पत्र का विमोचन हुआ है, वह महाराष्ट्र की जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। इसके साथ ही गृहमंत्री अमित शाह ने राहुल गाँधी पर निशाना साधा और चुनौती भी दी।

अमित शाह का राहुल गाँधी पर हमला

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गाँधी पर हमला करते हुए कहा, “मैं उद्धव ठाकरे जी से पूछना चाहता हूं कि क्या वह कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से कह सकते हैं कि वह वीर सावरकर के लिए दो शब्द बोल दें? क्या कांग्रेस का कोई नेता बाला साहब ठाकरे जी के सम्मान में दो वाक्य बोल सकता है? अंतर्विरोध के बीच में अघाड़ी की सरकार बनाने का स्वप्न लेकर जो लोग निकले हैं, उन्हें महाराष्ट्र की जनता जान ले तो अच्छा होगा।”

उन्होंने आगे कहा,  “मैं उद्धव ठाकरे को कहना चाहता हूं कि आप को कहां बैठना है, ये आप को ही तय करना है। लेकिन मैं आप को याद दिलाना चाहता हूं कि आप धारा 370 का विरोध करने वाले, रामजन्म भूमि का विरोध और वक्फ बोर्ड में सुधार का विरोध करने वालों के साथ बैठे हो।”

बीजेपी का संकल्प पत्र जारी किया

गृहमंत्री अमित शाह ने बीजेपी के संकल्प पत्र का विमोचन करते हुए कहा, “महाराष्ट्र एक प्रकार से कई युगों से हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर रहा है। एक जमाने में जब जरूरत थी, तब भक्ति आंदोलन की शुरुआत भी महाराष्ट्र से हुई, गुलामी से मुक्ति का आंदोलन भी शिवाजी महाराज ने यहीं से शुरू किया, समाजिक क्रांति की शुरुआत भी यहीं से हुई है और महाराष्ट्र की जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब हमारे संकल्प पत्र में दिखाई पड़ता है।”

महाविकास अघाड़ी पर बोला हमला

महाराष्ट्र विधानसभा चुनवा को लेकर बीजेपी लगातार महा विकास अघाड़ी पर हमलावर है। केन्दीय गृहमंत्री ने पार्टी का संकल्प पत्र जारी करते हुए महाविकास अघाड़ी पर हमला बोलते हुए कहा, “अघाड़ी की सारी योजनाएं सत्ता के लालच में तुष्टिकरण की हैं, विचारधाराओं का अपमान करने वाली हैं और महाराष्ट्र की संस्कृति से छल करने वाली हैं। भाजपा के संकल्प पत्थर की लकीर होते हैं। केंद्र हो या राज्य, जब हमारी सरकार बनती है, तो हम हमारे संकल्पों को सिद्ध करते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *