कुशीनगर से अमित शाह ने राहुल गाँधी और अखिलेश यादव पर कसा तंज, बताया दोनों को कितनी सीटें मिल रही हैं
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज 27 मई को लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के प्रचार के लिए यूपी के कुशीनगर पहुंचे। गृहमंत्री अमित शाह ने कुशीनगर में जनसभा को सम्बोधित करते हुए राहुल गाँधी और अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने दावा किया कि राहुल गाँधी की पार्टी इस चुनाव में 40 भी पार नहीं कर पायेगी। इसी के साथ उन्होंने अखिलेश यादव के लिए कहा कि अखिलेश यादव को यूपी में 4 सीटें भी नहीं मिल पाएंगी।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा लोकसभा चुनाव के छः चरणों का मतदान पूरा हो चुका है। अभी मेरे पास पांच चरण के मतदान का आकड़ा आ चुका है। जिसमे मोदी जी 310 पार कर चुके हैं। छठे चरण का मतदान हो चुका है और सातवें चरण का मतदान होना बाकि है। जिसमे आपको 400 पार कराना है।
ईवीएम के कारण हारे
अमित शाह ने कहा, “चार जून को मोदी जी की, भाजपा की और एनडीए की जीत निश्चित है। चार जून की दोपहर को आप देख लेना राहुल गाँधी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और कहेंगे कि हम ईवीएम के कारण हारे हैं। इसी के साथ हार का ठीकरा खरगे साहब पर फूटेगा।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा मैं बहन मायावती और अखिलेश यादव से पूछना चाहता हूँ कि कुशीनगर चीनी का कटोरा नाम से प्रसिद्ध था। लेकिन आपके समय में 5 – 6 चीनी मिलें बंद हो गयी। जबकि हमारी सरकार के समय में 20 चीनी मिलों को चालू कराने का काम किया गया।
विपक्ष पर आरक्षण को लेकर साधा निशाना
गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा ये झूठ के आधार पर जीने वाले लोग हैं। ये कहते हैं कि मुस्लिमों को आरक्षण देंगे। अगर गलती से ये लोग जीत भी गए तो ये पिछड़ा, अतिपिछड़ा और दलित का आरक्षण छीनकर मुसलमानों को देने का काम करेंगे। इन्होने कर्नाटक और हैदराबाद में जो किया, वही बंगाल में भी किया गया। लेकिन बंगाल हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी। मुस्लिम आरक्षण संविधान के अनुरूप नहीं है। ये लोग अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए मुस्लिम आरक्षण की बात करते हैं। जिसका खामियाज़ा पिछड़े वर्ग को भुगतना पड़ेगा।
