सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा चुनाव के परिणाम को लेकर कहा 400 पार आम आदमी के लिए मंत्र बन गया है
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के मतदान से पहले बड़ा दावा पेश किया है। उन्होंने कहा कि 4 जून को लोकसभा चुनाव के परिणाम वाले दिन एनडीए 400 सीटों का आंकड़ा पार करेगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा आज 400 पार आम आदमी के लिए मंत्र बन गया है। आप हर जगह सुन सकते हैं ‘फिर एक बार मोदी सरकार अबकी बार 400 पार’। ये सब अचानक नहीं हुआ है। ये सब पीएम मोदी के पिछले 10 वर्षो के नेतृत्व में देश में हुए बदलावों के कारण हुआ है। आप सब देखेंगे 4 जून को बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए 400 पार का लक्ष्य पूरा करेगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस ने संबिधान का मजाक उड़ाया है। डॉ बीआर अंबेडकर की भावनाओं के खिलाफ जाकर तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने संविधान में जबरन अनुच्छेद 370 डाला। संविधान का गला घोंटने का काम कांग्रेस ने आपातकाल के जरिए किया था। यह देश बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान से चलेगा। यह देश पर्सनल लॉ या शरिया कानून से नहीं चलेगा”।
आरक्षण को लेकर बोला हमला
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आरक्षण को लेकर सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कांग्रेस ने लगातार एससी/एसटी और ओबीसी को मिलने वाले आरक्षण पर सेंध लगायी है। इसी के साथ इसका कुछ लाभ अल्पसंख्यकों खासकर मुसलमानों को देने की कोशिश की है। यूपीए सरकार के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का बयान जगजाहिर है जिसमे उन्होंने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। सीएम ने आगे कहा समाजवादी पार्टी ने भी 2012 और 2014 के चुनावों में अपने घोषणा पत्र में उल्लेख किया था कि वह मुसलमानों को आरक्षण देगी। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश पीएससी में 15 फीसदी मुस्लिम आरक्षण की भी घोषणा की थी।
आप सभी ने अभी देखा कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने टीएमसी के फैसले को पूरी तरह से पलट दिया और कहा है कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता यह देश पर्सनल लॉ या शरिया कानून से नहीं चलेगा।
