नागपुर हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस एक्शन मोड़ में, कहा दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा
नागपुर में हाल ही में हुई हिंसा के बाद, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि हिंसा में शामिल दोषियों से हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी, उनकी सम्पत्तियां जब्त की जाएँगी और आवश्यकता होने पर बुलडोजर का उपयोग भी किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा।
हिंसा में शामिल लोगों को सबक सीखने तक शांत नहीं बैठेंगे
सीएम फडणवीस ने यह भी बताया कि हिंसा के दौरान कुरान की आयत लिखी हुयी चादर जलाने की अफवाह फैलाई गयी थी, जबकि वास्तव में ऐसा कुछ नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि इस झूठे प्रचार के कारण बड़े पैमाने पर हिंसा फैली। सीएम ने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों को सबक सिखाने तक सरकार शांत नहीं बैठेगी।
अब तक 104 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। सीएम ने सोशल मीडिया पर अफवाह फ़ैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
फडणवीस सरकार ने विधानसभा में भी इस मुद्दे पर बयान देते हुए कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों को कब्र से भी निकालकर सजा दी जाएगी। उन्होंने नागपुर की शांति और सौहार्द को बनाये रखने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागपुर हमेशा से शांतिप्रिय शहर रहा है, लेकिन इस बार कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझ कर हिंसा भड़काने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि नागपुर की शांति और सौहार्द को किसी भी कीमत पर नुकसान नहीं होने दिया जायेगा।
सीएम ने यह भी कहा कि विश्व हिन्दू परिषद् और बजरंग दल के सदस्यों पर भी मामले दर्ज किये गए हैं और सरकार किसी को भी बख्शने के मूड में नहीं है। पुलिस की कार्रवाई की सराहना की और कहा कि पुलिस ने बहादुरी से स्थिति को संभाला।

