अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में रहने वाले किरायेदारों के लिए किया बड़ा एलान, कहा किरायेदारों के लिए लाएंगे ऐसी योजना…
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रिय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज शनिवार को विधानसभा चुनाव को देखते हुए दिल्ली में रहने वाले किरायेदारों के लिए एक बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हमने बिजली और पानी फ्री कर दिया। लेकिन दुःख की बात यह है कि किरायेदारों को इसका फायदा नहीं मिल पाता है। मेरा मानना है कि किरायेदारों को भी इसका फायदा मिलाना चाहिए। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद हम ऐसी योजना लाएंगे कि किरायेदारों को भी फ्री बिजली पानी का फायदा मिल सके।
किरायेदारों को भी फ्री बिजली–पानी
अरविंद केजरीवाल ने फ्री बिजली-पानी के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि दिल्ली में रहने वालों को 200 यूनिट तक फ्री बिजली मिलती है। 200 से 400 यूनिट तक हाफ चार्ज लगता है। लेकिन दिल्ली में रहने वाले किरायेदारों को इसका लाभ अलग अलग कारणों से नहीं मिल पा रहा है।
केजरीवाल ने आगे कहा, “अब हमारी सरकार ने तय किया है कि किरायेदार भी दिल्ली के ही रहने वाले हैं, तो उन्हें भी फ्री बिजली और पानी मिलना चाहिए। मैं जहां भी जाता हूं किरायेदार हमें घेर लेते हैं। वे कहते हैं कि सरकारी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने का लाभ मिलता है। मोहल्ला क्लिनिक व अस्पतालों में फ्री ट्रीटमेंट का लाभ मिलता है। डीटीसी बस में फ्री सेवा और बुजुर्ग तीर्थ यात्रा योजना का भी लाभ दिल्ली में रहने वाले किरायेदार उठा रहे हैं, पर फ्री बिजली-पानी का लाभ नहीं मिल रहा है।” इस बात को ध्यान में रखते हुए हमारी पार्टी ने तय किया है कि चुनाव के बाद ऐसी योजना लाएंगे जिससे किरायेदारों को भी फ्री बिजली-पानी का लाभ मिल सके।
केजरीवाल ने आगे कहा, “अधिकतर किराएदार बिहार और पूर्वी यूपी से आते हैं। वे लोग दिल्ली में गरीबी की हालत में रहते हैं। एक बिल्डिंग में 100 लोग रहते हैं। इतने गरीबी की हालत में भी उन्हें बिजली और पानी सब्सिडी का लाभ नहीं मिलता है, तो तकलीफ होती है। अब सभी किरायेदारों को भी यह लाभ मिलेगा।”
