बीसीसीआई ने पूर्व तेज गेंदबाज अजित अगरकर को भारतीय टीम का नया सिलेक्टर बनाया, पूर्व सिलेक्टर चेतन शर्मा की जगह हुए नियुक्त
काफी समय से चर्चा का विषय बना हुआ था कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का नया चीफ सिलेक्टर कौन होगा। अब इस बात का जवाब मिल चूका है। भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज अजित अगरकर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के नए चीफ सिलेक्टर के रूप में नियुक्त किया गया है। अजित अगरकर बतौर चीफ सिलेक्टर चेतन शर्मा की जगह लेंगे। अजित अगरकर को चीफ सिलेक्टर बनाने के लिए बीसीसीआई ने उनकी सैलरी में भी इजाफा किया है।
अजित अगरकर का चीफ सिलेक्टर बनना लगभग तय था। पिछली बार जब चेतन शर्मा को दुबारा चीफ सिलेक्टर चुना गया था। उस समय भी अजित अगरकर इस रेस में शामिल थे। लेकिन बाजी चेतन शर्मा ने मारी। चेतन शर्मा को अपना पद इसलिए छोड़ना पड़ा था क्योकि उनका एक स्टिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। पिछले कुछ समय से चीफ सिलेक्टर का पद खाली पड़ा हुआ था। अब इस पद पर अजित अगरकर को नियुक्त किया गया है।
अजित अगरकर इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े हुए थे। लेकिन कुछ समय पहले उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स का साथ छोड़ दिया। जिससे यह तय हो गया कि उन्हें ही चीफ सिलेक्टर बनाया जायेगा। अगले महीने से एशिया कप शुरू होने वाला है। उससे पहले चीफ सिलेक्टर की नियुक्ति बहुत जरूरी थी। इसके साथ ही इस साल होने वाले वर्ल्ड कप में भी अजित अगरकर की अहम भूमिका रहेगी।
सैलरी में हुआ इजाफा
ऐसी खबर भी सामने आयी है कि चीफ सिलेक्टर की सैलरी कम होने की वजह से कोई भी बड़ा खिलाडी इस पद के लिए अप्लाई नहीं कर रहा था। वीरेंद्र सहवाग ने भी कम सैलरी की वजह से इस पद को ठुकरा दिया था। इन्ही सब बातों को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने चीफ सिलेक्टर की सैलरी में इजाफा किया। बतौर चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर को सालाना एक करोड़ की सैलरी मिलेगी। बाकी सिलेक्टर की सैलरी में भी बीसीसीआई ने इजाफा किया है।

