May 17, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले केंद्र सरकार दे सकती है किसानों को सौगात, पीएम किसान सम्मान योजना में हो सकती है बढ़ोतरी

केंद्र सरकार लोकसभा चुनाव 2024 से पहले किसानों को सौगात दे सकती है। छोटे किसानों को पीएम किसान सम्मान योजना के तहत सालाना तीन किस्तों में मिलाने वाली किसान सम्मान निधी की रकम को बढ़ा सकती है। इस रकम को 6000 से बढ़ाकर 8000 किया जा सकता है।

लोकसभा चुनाव से पहले किसानों को सौगात

एक रिपोर्ट के मुताबिक केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत किसानों को सालाना दिए जाने वाले 6,000 रुपये के रकम को बढ़ाकर 8,000 रुपये करने पर विचार कर रही है। अगर इस योजना को मंजूरी मिल गई तो प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना पर सरकार को 20,000 करोड़ रुपये अतिरिक्त रकम खर्च करने होंगे जो मौजूदा वित्त वर्ष 2023-24 में 60,000 करोड़ रुपये कार्यक्रम के लिए आवंटित किए गए हैं। वित्त मंत्रालय की प्रवक्ता ने इस मामले पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।

एक फ़रवरी 2024 को सरकार लोकसभा चुनाव से पहले अपना अंतरिम बजट पेश करेगी। ये माना जा रहा है कि पीएम किसान सम्मान योजना के तहत किसानों को दिए जाने वाले रकम में बढ़ोतरी का फैसला अंतरिम बजट में किया जा सकता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी जिसे लेकर वित्त मंत्रालय ने अलग अलग मंत्रालयों और विभागों के साथ मंत्रणा भी शुरू कर दी है।

पिछले चुनाव में मिला था फायदा

आपको बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव से पहले एक फ़रवरी 2019 में पेश किये गए बजट में तत्कालीन वित्त मंत्री पियूष गोयल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना लाने की घोषणा की थी। इस योजना को दिसंबर 2018 से ही लागू कर दिया गया था। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले किसानों को 4000 रुपये पीएम किसान योजना के तहत उनके बैंक खाते में डायरेक्ट डाल दिए गए थे। 2019 में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी को इसका फायदा भी मिला और प्रचंड बहुमत के साथ पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोबारा सत्ता में आ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *