पश्चिम बंगाल में सड़क पर महिला की पिटाई के वायरल वीडियो पर बीजेपी का ममता सरकार पर हमला
पश्चिम बंगाल में सड़क पर एक महिला की पिटाई का वीडियो सामने आया है। इस पर बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार पर हमला बोला है। बीजेपी की सांसद कंगना रनौत ने पश्चिम बंगाल की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि क्या संबिधान में ये लिखा हुआ है कि आप किसी भी राज्य में शरिया कानून लागू कर सकते हैं।
कंगना रनौत का ममता बनर्जी पर हमला
बीजेपी की नवनिर्वाचित सांसद कंगना रनौत ने पश्चिम बंगाल में महिला की पिटाई के वायरल वीडियो पर ममता बनर्जी निशाना साधते हुए कहा, “अपने आपसे जो वहां पर शरिया कानून लागू कर दिया है तो मैं ममता दीदी से यही पूछना चाहती हूँ कि क्या संविधान में ये लिखा हुआ है कि अपनी मर्जी से आप किसी भी राज्य में आप शरिया कानून लागू कर सकते हैं? इंडिया गठबंधन और राहुल गांधी को भी इसका जवाब देना चाहिए।”
जेपी नड्डा ने साधा निशाना
वायरल विडिओ पर बीजेपी के राष्ट्रिय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “पश्चिम बंगाल से एक भयावह वीडियो सामने आया है, जो उस क्रूरता की याद दिलाता है जो केवल धर्मतंत्रों में मौजूद है। मामले को बदतर बनाने के लिए टीएमसी कैडर और विधायक इस कृत्य को उचित ठहरा रहे हैं। चाहे वह संदेशखाली हो, उत्तर दिनाजपुर हो या कई अन्य स्थान दीदी का पश्चिम बंगाल महिलाओं के लिए असुरक्षित है।”
शहजाद पूनावाला ने कहा
वायरल वीडियो पर टीएमसी पर निशाना साधते हुए बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, “टीएमसी का मतलब ‘तालिबानी मानसिकता और कल्चर’ बन चुका है। ये वीडियो दिखाता है कि आज वहां ‘मां,माटी और मानुष’ नहीं बल्कि तालिबानी राज आ चुका है। मुख्य अपराधी वहां के स्थानीय विधायक का करीबी है और वहां के स्थानीय टीएमसी विधायक इस पूरी घटना पर कार्रवाई करवाने के बदले इस मामले का बचाव कर रहे हैं। क्या पश्चिम बंगाल मुस्लिम राष्ट्र बन चुका है?.टीएमसी की पुलिस जिस प्रकार से व्यवहार कर रही है वो भी देखने वाला है। चाहें शाहजहां शेख हो, संदेशखाली हो या इस प्रकार के अपराधी हों, कांग्रेस-टीएमसी का हाथ हमेशा ऐसे महिला उत्पीड़न करने वालों के साथ रहता है। इंडी गठबंधन के नेता आज चुप क्यों हैं? ममता बनर्जी क्या कार्रवाई करेंगी उन्हें बताना चाहिए।”
