कोलकत्ता रेप-मर्डर मामले में बीजेपी का पश्चिम बंगाल में बंद का एलान, पश्चिम बंगाल बंद पर सीएम ममता बनर्जी ने पीएम पर साधा निशाना
कोलकत्ता आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर मामले में बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में 12 घंटे के बंद का एलान किया था। बंद की शुरुआत आज सुबह से हो चुकी है। बीजेपी की तरफ से बंगाल बंद दो वजहों से बुलाया गया है, जिसमें पहली वजह मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान लोगों पर पुलिस कार्रवाई का विरोध करना है और दूसरी वजह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग है। पश्चिम बंगाल बंद की शुरुआत सुबह 6 बजे से हो चुकी है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहने वाली है।
बंद पर सुकांत मजूमदार ने कहा
पश्चिम बंगाल में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने बंद को लेकर कहा, “हमें सुबह से लेकर शाम तक की आम हड़ताल का आह्वान करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, क्योंकि यह निरंकुश शासन लोगों की आवाज को अनसुना कर रहा है। जो मृत डॉक्टर बहन के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। न्याय के बजाय, ममता बनर्जी की पुलिस राज्य के शांतिप्रिय लोगों के साथ बर्बर व्यवहार कर रही है, जो केवल महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल चाहते हैं।’’
ममता बनर्जी का बीजेपी पर हमला
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी के बुलाये बंद को लेकर कहा, “उन्होंने आज बंद बुलाया है। वे आंदोलन पर पानी डाल रहे हैं। यह बंगाल को बदनाम करने का षडयंत्र है। मैंने ऐसी केंद्र सरकार अभी तक नहीं देखी। मणिपुर को अभी भी इंसाफ का इंतज़ार है। अगर इस्तीफा मांगना है तो पहले प्रधानमंत्री का इस्तीफा मांगो। मेरा पुलिस को सैल्यूट हैं, जो बीजेपी के खेल में नहीं फंसे और किसी की जान नहीं जाने दी।”
ममता बनर्जी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आगे कहा, “अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में दम है तो उन्हें बलात्कार के खिलाफ कानून लाना चाहिए। पीएम मोदी और बीजेपी चाहे जितनी भी फंडिंग कर ले, मेरे खिलाफ कुछ नहीं होगा। कोई सोच रहा है कि ये बांग्लादेश है। मैं बांग्लादेश को पसंद करती हूं, क्योंकि वहां एक भाषा है, लेकिन याद रहे ये एक अलग देश है। मोदी बाबू आप बंगाल में आग लगवा रहे? बंगाल में आग लगी तो असम में भी लगेगा, नार्थ ईस्ट में भी लगेगी, आपकी चेयर डगमगा जायेगी।”
