दिल्ली में मानसून के कारण जलभराव और सीवर जाम की समस्या के लिए आप नेता आतिशी ने प्रदेश के सीएस को लिखी चिट्ठी
दिल्ली में हो रही बारिश के कारण जगह जगह हो रहे जलभराव और सीवर जाम की समस्या ने आम आदमी पार्टी के सामने नयी चुनौती खड़ी कर दी है। दिल्ली जल बोर्ड को लगातार सीवर जाम की शिकायतें मिल रही हैं। लेकिन दिल्ली जल बोर्ड के पास पर्याप्त उपकरण और जरूरी मानव संसाधन के आभाव में इन शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में विपक्ष के नेता दिल्ली सरकार पर हमलावर हैं।
इन सभी समस्याओं को लेकर दिल्ली की आप सरकार में मंत्री आतिशी ने एक बड़ा वयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति दिल्ली जल बोर्ड को वित्त विभाग की ओर से जरूर फंड मुहैया न कराने की वजह से उठ खड़ी हुई है। यह एक ‘षडयंत्र’ है।
टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक आतिशी ने गुरुवार 24 अगस्त को मुख्य सचिव नरेश कुमार को एक चिट्ठी लिखी। जिसमे उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड में “कृत्रिम वित्तीय संकट” ने राजधानी को “जीवित नरक” में तब्दील कर दिया है। आतिशी ने दिल्ली के मुख्य सचिव को इसके लिए दोषी अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
आतिशी ने अपनी चिट्ठी में कहा
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव नरेश कुमार को लिखी चिट्ठी में कहा, “जब सरकार ने निकाय के लिए बड़ा बजट आवंटित किया है, तो जमीन पर मशीनरी और जनशक्ति की उचित तैनाती की जानी चाहिए। ऐसा न करने पर अधिकारी फाइलें निपटाने में व्यस्त रहेंगे। इससे दिल्ली में सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट और महामारी जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।”
आतिशी ने अपनी चिट्ठी में मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि वे सुनिश्चित करें कि दिल्ली जल बोर्ड को आवंटित बजट से 48 घंटे के भीतर धनराशि जारी कर दी जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के लिए 7,195 करोड़ रुपये का यह बजट था, जो कुल बजट का 9.5 प्रतिशत था। दिल्ली विधानसभा द्वारा इसे पारित किया गया था। दिल्ली कैबिनेट और उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने इसकी मंजूरी भी दी थी।
