बीजेपी नेता रमेश मेंदोला ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा भाई-बहन अडानी पर आरोप लगाते हैं और कमलनाथ….
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गाँधी सोमवार को इंदौर में चुनाव प्रचार के लिए पहुंची। यहाँ प्रियंका गाँधी ने हल्के फुल्के ठहाकों के मंच से बीजेपी और पीएम मोदी पर निशाना साधा। इसके बाद बीजेपी प्रियंका गाँधी और कांग्रेस पर हमलावर हो गयी। इस मामले पर एमपी से बीजेपी के वरिष्ठ नेता रमेश मेंदोला ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
रमेश मेंदोला ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भाई-बहन अडानी पर आरोप लगाते हैं और कमलनाथ जी अडानी के शेयर से माल कमाते हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पानी पी-पीकर रोज अडानी पर आरोप लगाते हैं। राहुल गांधी की कोई बात अडानी के जिक्र के बिना पूरी नहीं होती और उधर कमलनाथ जी के शेयर का भारी भरकम पोर्ट-फोलियो अडानी समूह की कंपनियों के बिना पूरा नहीं होता है। ”
कमलनाथ अडानी ग्रुप के शेयर से माल कमाते हैं
उन्होंने आगे लिखा, “कांग्रेस प्राइवेट लिमिटेड का गोरखधंधा बहुत ही गजब है, जिसमें कंपनी के मालिक भाई-बहन अडानी पर आरोप लगाते हैं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ अडानी के शेयर होल्ड करके माल कमाते है। पिछले 10-15 सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ जब कमलनाथ जी के पोर्टफोलियो में अडानी समूह के शेयर नहीं रहे हों। 2014 में उनके पास अडानी पॉवर के 8500 और अडानी पोर्ट के 745 शेयर थे। जब प्रियंका गांधी अडानी चालीसा का पाठ पढ़ रही थीं, तब भी उनके पोर्टफोलियो में अडानी विल्मर के एक हजार शेयर रखे हैं। प्रियंका जी, राहुल जी, कमलनाथ जी आप सब लोग, लोगों को मूर्ख क्यों समझते हो। ”
बीजेपी प्रवक्ता गोविन्द मालू ने साधा निशाना
बीजेपी प्रवक्ता गोविन्द मालू ने भी प्रियंका गाँधी और राहुल गाँधी पर निशाना साधते हुए अपने सोशल मीडिया अकॉउट एक्स पर लिखा, “प्रियंका हो या राहुल, बंटी बबली को नून, तेल, प्याज के भाव नहीं मालूम, देश क्या चलाएंगे। क्योंकि इनका कभी जनता और देश से सरोकार नहीं रहा। कभी देश के मजरे, टोले, गली, गलियारे और माटी से उनका सरोकार नहीं रहा। चांदी का चम्मच मुंह में लेकर अवतरित हुए। पैराशूट लैंडिंग की खाक नहीं छानी तो क्या अनुभव आएगा। प्रियंका गांधी इंदौर में कह गईं प्याज शतक पार कर गया, जबकि इंदौर में आज प्याज का भाव 25 रुपए किलो से 36 रुपए किलो है। भाषण लिखने वाले से भाव तो पता कर लेती प्रियंका जी पढ़ने और लिखने वाले एक जैसे तो अब कांग्रेस का भी बंटाधार कर देंगे। “
