कांग्रेस राष्ट्रिय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने किया बड़ा दावा, कहा पांचों राज्यों में बनने जा रही है कांग्रेस की सरकार
कर्नाटक पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रिय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि पांचों राज्यों में चुनाव की तैयारियां अच्छी चल रही हैं। हमें पूरा विश्वास है कि हम पांचों राज्यों में जीत हासिल करेंगे। बीजेपी के लिए सत्ता विरोधी लहर है। लोग बेरोजगारी और मंहगाई से नाराज हैं। बीजेपी ने अपने किसी भी वायदे पर खरी नहीं उतरी है। मल्लिकार्जुन खरगे ने आगे कहा कि राजस्थान में अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल अच्छा काम कर रहे हैं। वहां कोई मुद्दा नहीं है। लेकिन एमपी में शिवराज सिंह चौहान से लोग नाराज हैं। इसलिए हमें उम्मीद है कि हम सभी पांचों राज्यों में जीत हासिल कर सरकार बनाएंगे।
जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से पूछा गया कि यह चुनाव लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल है ? इसके जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ऐसा नहीं है, हर राज्य में चुनाव का मुद्दा अलग होता है। उन्ही मुद्दों के आधार पर वोटिंग होती है। लोकसभा चुनाव विधानसभा चुनाव से अलग होता है। उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी हर चुनाव में जनता से उन्हें चुनने के लिए मतदान करने को कहते हैं। लेकिन जनता स्थानीय नेताओं को वोट करती है, जिन्होंने उनके लिए काम किया होता है और उनकी समस्याओं को हल किया होता है।
बीजेपी पर साधा निशाना
मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के खिलाफ विरोधी लहर है। लोग बेरोजगारी और महंगाई से तंग आ गए हैं। बीजेपी ने जो भी वायदे किये थे वे पूरे नहीं किये। एमपी में लोग शिवराज सिंह चौहान की सरकार से परेशान हैं और उनके खिलाफ बोल रहे हैं। हमारे लोग सभी जगहों पर काम कर रहे हैं। इसलिए हमें पूरी उम्मीद है कि हम पांचों राज्यों में जीत हासिल करेंगे।
