विधानसभा चुनाव के नतीजों पर आयी कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की पहली प्रतिक्रिया
रविवार 3 दिसंबर को आये विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तेलंगाना में पार्टी को मिली जीत पर तेलंगाना की जनता का धन्यवाद किया। वहीं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में पार्टी की हार को स्वीकार करते हुए जनता का कांग्रेस पार्टी को वोट देने के लिए शुक्रिया कहा।
मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”कांग्रेस पर विश्वास और भरोसा जताने के लिए मैं तेलंगाना के मतदाताओं का धन्यवाद करता हूँ। मैं उन सभी का भी धन्यवाद करता हूँ जिन्होंने हमें छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में वोट दिया। ये चुनाव परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहे हैं, परंतु हमें विश्वास है कि हम मेहनत और दृढ़ निश्चय से मज़बूती से वापसी करेंगे।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी ने पूरे दम-ख़म के साथ इन चार राज्यों के चुनाव में भाग लिया। मैं अपने अनगिनत कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ। हमें इस हार से हताश हुए बग़ैर ‘इंडिया’ के घटक दलों के साथ दोगुने जोश से लोकसभा चुनाव की तैयारी में लग जाना है।’’
दरअसल कांग्रेस पार्टी को राजस्थान और छत्तीसगढ़ में झटका लगा है क्योंकि इन दोनों राज्यों में कांग्रेस की सरकार थी। इस विधानसभा चुनाव में इन दोनों राज्यों में बीजेपी को भारी बहुमत से जीत मिली है। वहीं मध्यप्रदेश में भी बीजेपी को भारी बहुमत हासिल हुआ है। इसके अलावा कांग्रेस को तेलंगाना में बंपर जीत मिली है। जहाँ राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में मिली हार से कांग्रेस निराश हुयी। वहीं तेलंगाना में मिली जीत से कांग्रेस की निराशा कुछ कम हुयी है।

