पीएम नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव के परिणाम पर जनता-जनार्दन का किया नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार 3 दिसंबर को चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणामों को लेकर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने जनता-जनार्दन को नमन किया। उन्होंने आगे कहा कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के चुनाव के परिणाम बता रहे हैं कि भारत की जनता का भरोसा सिर्फ और सिर्फ सुशासन और विकास की राजनीति में है, उनका भरोसा बीजेपी है।
चुनाव के परिणाम पर कहा
चारों राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणामों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीजेपी पर अपना स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद बरसाने के लिए मैं इन सभी राज्यों के परिवारजनों का, विशेषकर माताओं-बहनों-बेटियों का, हमारे युवा वोटर्स का हृदय से धन्यवाद करता हूँ। मैं उन्हें भरोसा देता हूं कि आपके कल्याण के लिए हम निरंतर अथक परिश्रम करते रहेंगे।
पीएम मोदी ने आगे कहा, ”इस अवसर पर पार्टी के सभी परिश्रमी कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से आभार! आप सभी ने अद्भभुत मिसाल पेश की है। भाजपा की विकास और गरीब कल्याण की नीतियों को आपने जिस तरह लोगों के बीच पहुंचाया, उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए वो कम है। हम विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हमें ना रुकना है, ना थकना है। हमें भारत को विजयी बनाना है। आज इस दिशा में हमने मिलकर एक सशक्त कदम उठाया है।”
तेलंगाना की जनता का भी किया धन्यवाद
पीएम मोदी ने तेलंगाना को लेकर कहा कि तेलंगाना के मेरे प्यारे भाइयो और बहनों का बीजेपी को समर्थन देने के लिए धन्यवाद। पिछले कुछ वर्षों से यह समर्थन बढ़ता ही जा रहा है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। तेलंगाना के साथ हमारा रिश्ता अटूट है और हम वहां के लोगों के लिए काम करते रहेंगे। साथ ही मैं प्रत्येक कार्यकर्त्ता की मेहनत की सराहना करता हूँ।
कहाँ कितनी सीटें मिली
रविवार को चार राज्यों के विधनसभा चुनाव के मतगणना के बाद बीजेपी को तीन राज्यों में जीत हासिल हुयी। बीजेपी को मध्यप्रदेश में 163 सीटों के साथ भारी बहुमत हासिल हुआ। राजस्थान में बीजेपी को 115 सीटों के साथ बहुमत मिला है। छत्तीसगढ़ में बीजेपी को 54 सीटों के साथ भारी बहुमत मिला। तेलंगाना में बीजेपी को 8 सीटें मिली हैं।
