दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने अपना पहला बजट पेश किया, जानें क्या क्या मिला दिल्लीवासियों को
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एक लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है, जो पिछले बजट से 31.5 फीसदी अधिक है। इस बजट में दिल्लीवासियों के लिए कई महत्त्वपूर्ण घोषणाएं की गयी हैं।
महिला समृद्धि योजना – पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जिसके लिए 5100 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र – आयुष्मान भारत योजना के तहत दिल्ली के निवासियों को अब 10 लाख रुपये तक का बीमा कवरेज मिलेगा। केंद्र सरकार की 5 लाख रुपये की योजना में दिल्ली सरकार 5 लाख रुपये का टॉप-अप जोड़ेगी, जिसके लिए 2144 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
शिक्षा क्षेत्र – 10वीं कक्षा पास करने वाले 1200 छात्रों को मुफ्त लैपटॉप प्रदान किये जायेंगे, जिसके लिए 750 करोड़ रुपये आवंटित किये गए हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास – सडकों, पुलों आदि के सुधार के लिए पंजीकृत व्यय को दोगुना करके 28000 करोड़ रुपये किया गया है।
यमुना नदी की सफाई – यमुना नदी को स्वच्छ करने के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
झुग्गी बस्तियों का विकास – झुग्गी बस्तियों के विकास के लिए 696 करोड़ रुपये आवंटित किये गए हैं, जो पिछले बजट की तुलना में 157 फीसदी अधिक है।
अटल कैंटीन – दिल्ली में 100 अटल कैंटीन स्थापित करने के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, जहाँ 5 रुपये में भोजन उपलब्ध होगा।
व्यापारी कल्याण बोर्ड – व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन किया जायेगा और हर दो वर्ष में एक वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन आयोजित किया जायेगा।
सुरक्षा – महिलाओं की सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली में 50,000 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जायेंगे।
स्वच्छ पेय जल – हर घर तक स्वच्छ पानी पहुँचाने के लिए 9000 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जिससे नई जल पाइप लाइन बिछाई जाएँगी और सीवर लाइनों का विस्तार होगा।
इन योजनाओं और आवंटनों के माध्यम से दिल्ली सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में विकास और नागरिकों की भलाई के लिए महत्त्वपूर्ण कदम उठाये हैं।
