यूपी में सरकार के आठ साल पूरे होने पर सरकार ने बतायीं उपलब्धियां, अखिलेश यादव ने दी अपनी प्रतिक्रिया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अपने कार्यकाल के आठ वर्ष पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। उन्होंने राज्य में कानून व्यवस्था में सुधार, निवेश में वृद्धि, अधोसंरचना विकास और सामाजिक कल्याण योजनाओं के सफल कार्यान्वयन पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अपराध दर में कमी आयी है, जिससे निवेशकों का विश्वास बढ़ा है और राज्य में निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके परिणामस्वरुप लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। इसके अलावा, अधोसंरचना के क्षेत्र में राज्य में कई एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज और अन्य विकास परियोजनाएं पूरी की गयी हैं। सामाजिक कल्याण के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त बिजली कनेक्शन,गैस कनेक्शन, शौचालय और आवास जैसी सुविधाएँ प्रदान की गई हैं।
अखिलेश यादव ने दी प्रतिक्रिया
वहीँ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावों पर प्रतक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी हकीकत सरकार के दावों से मेल नहीं खाती है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि राज्य में बेरोजगारी और महंगाई बढ़ी है और कानून व्यवस्था की स्थिति में भी सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की नीतियां गरीब और मध्यम वर्ग के हित में नहीं है जिससे समाज के इन वर्गों को कठिनाईयों का सामना करना पड रहा है।
अखिलेश यादव ने सरकार पर किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करने का भी आरोप लगाया और कहा कि कृषि क्षेत्र में सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाये गए हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाये।

