इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के छात्र संगठनों का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, राहुल गाँधी मिलने पहुंचे
दिल्ली के जंतर-मंतर पर विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इन्क्लूसिव अलायंस के दलों ने संसद से 146 विपक्षी सांसदों के निलंबन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, एनसीपी प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस नेता राहुल गाँधी सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
राहुल गाँधी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
राहुल गाँधी ने अपने सम्बोधन में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में बेरोजगारी बढ़ रही है, जिससे युवा निराश है। उन्होंने संसद में हुयी सुरक्षा चूक का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले दो-तीन युवा संसद भवन में कूदकर अंदर आ गए थे, जो बेरोजगारी के कारण ऐसा कदम उठाने पर मजबूर हुए थे। राहुल गाँधी ने कहा, “इस देश का युवा आज रोजगार नहीं पा सकता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि यह लड़ाई नफ़रत और मोहब्बत के बीच है और नफरत के बाजार में हम मोहब्बत की दुकान खोल रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जितनी नफ़रत फैलाई जाएगी, उतना ही इंडिया गठबंधन मोहब्बत फैलाएगा।
संसद में बोलने का मौका नहीं दिया जाता–खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उच्च पदों पर बैठे लोग अपनी जाति के कारण अपमानित होने की बात करते हैं, तो दलितों की स्थिति क्या होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया जाता था। जिससे दलितों के प्रति भेदभाव स्पष्ट होता है।
यह प्रदर्शन संसद से विपक्षी सांसदों के निलंबन और देश में बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों की एकजुटता को प्रदर्शित करता है।
