स्वाति मालीवाल मारपीट केस में दिल्ली पुलिस ने विभव कुमार को किया गिरफ्तार
आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ कथित रूप से हुयी मारपीट मामले में दिल्ली पुलिस ने आज शनिवार को विभव कुमार को दिल्ली सीएम आवास से गिरफ्तार कर लिया है। अब विभव कुमार से आगे की पूछताछ होगी।
दिल्ली पुलिस ने विभव कुमार को सीएम अरविन्द केजरीवाल के आवास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस विभव को सिविल लाइन्स थाने लेकर गयी। विभव ने बताया कि उसे एफआईआर की जानकारी मीडिया के द्वारा मिली। विभव ने आगे कहा कि उसे कोई भी नोटिस नहीं मिला है। वहीं विभव ने भी ईमेल के जरिये पुलिस से शिकायत की है। विभव ने अपील की है कि दिल्ली पुलिस उसकी शिकायत पर भी संज्ञान ले।
स्वाति मालीवाल की मेडिकल रिपोर्ट आयी सामने
स्वाति मालीवाल पर हुयी कथित रूप से मारपीट के बाद दिल्ली एम्स में मेडिकल जाँच हुयी। स्वाति की मेडिकल रिपोर्ट आज आ गयी है। जिसमे बताया गया है कि उनके बाएं पैर पर चोट के निशान मिले हैं। इसके अलावा दाईं आंख के नीचे चोट के निशान मिले हैं। एम्स के डॉक्टर आनंद गंगदेव द्वारा बनायीं गयी रिपोर्ट में बताया गया है कि मरीज द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार सीएम आवास पर 13 मई को परिचित व्यक्ति ने उन पर हमला किया। उन्हें कई बार थप्पड़ मारे गए और उनके सिर पर कठोर वस्तु से हमला किया गया और वह जमीन पर गिर गईं। उनके पेट, पेल्विस और चेस्ट पर पैर से कई बार मारा गया। मरीज फिलहाल जांघ और पेल्विस एरिया में दर्द की शिकायत कर रहा है।
स्वाति की रिपोर्ट में आगे बताया गया कि मरीज गर्दन के अकड़ जाने और सिरदर्द की शिकायत कर रहा है। मेडिकल टीम द्वारा की गई जांच में स्वाति मालीवाल का पल्स और बीपी नॉर्मल है। उनका एक्सरे कराया गया है। इसके अलावा अस्पताल के रेडियोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक, ट्रॉमा सर्जरी, गाइनोकॉलोजी डिपार्टमेंट को जांच के लिए संपर्क किया गया है। स्वाति को कुछ दवाइयां भी दी गई हैं। स्वाति के शरीर पर जो विजिबल इंजरी है, उनमें बाएं पैर पर और दाईं आंख के नीचे चोट के निशान हैं।
