May 18, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

भारत समेत चार देशों में आया भूकंप, पीएम मोदी ने हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया

आज 28 मार्च को भारत समेत चार देशों चीन, म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप के तेज झटके महसूस किये गए। चीन में भूकंप की तीव्रता 7.9 मापी गयी, जबकि म्यांमार के सागाइंग क्षेत्र में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके कुछ ही मिनटों के बाद 6.4 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। इन भूकंपों के प्रभाव से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में कई इमारतें ढह गई और म्यांमार में एक पुल के गिरने की खबर है।

थाईलैंड में भूकंप के कारण बैंकॉक में ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने म्यांमार और थाईलैंड में आये भूकंप पर चिंता व्यक्त की है और भारत की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

पीएम ने एक्स पर पोस्ट कर व्यक्त की चिंता

पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर म्यांमार और थाईलैंड में आये  भूकंप को लेकर चिंता जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा, “मैं सभी के सुरक्षित होने की कामना करता हूं। भारत हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। इस संबंध में हमने अपने अधिकारियों से तैयार रहने को कहा है। साथ ही विदेश मंत्रालय से म्यांमार और थाईलैंड की सरकारों के साथ संपर्क में रहने को कहा है।”

मेघालय में दर्ज किया 4.0 तीव्रता का भूकंप

भारत के मेघालय में 4.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप के झटकों से ऊँची इमारतों के स्विमिंग पूल से पानी गिरने जैसी घटनाएं सामने आयी हैं। हालाँकि अभी तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

भूकंप का प्रभाव

इस भूकंप का केंद्र म्यांमार के सागाइंग क्षेत्र में था, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर मापी गई। भूकंप के कारण म्यांमार के मांडले में ऐतिहासिक 90 वर्षीय एवा ब्रिज ढह गया और पूर्व शाही महल को भी आंशिक क्षति पहुंची है। सड़कों में दरारें आ गई और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई। वर्तमान में हताहतों की संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन व्यापक नुकसान की आशंका है।

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक निर्माणाधीन 30 मंजिला ईमारत ढह गयी, जिसमे कम से कम दो लोगों की मौत हुई है और दर्जनों मजदूर मलबे में फंसे हुए हैं। बैंकॉक में आपातकाल घोषित किया गया है और बचाव कार्य जारी है।

चीन के युन्नान और सिचुआन प्रांतों में भी भूकंप के झटके महसूस किये गए, जिससे कुछ संपत्ति को नुकसान पहुंचा और कई लोग घायल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *