May 19, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की दोहरी नीति पर जमकर निशाना साधा

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में भारत ने पाकिस्तान के दोहरे रवैये पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। भारत ने पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद और नागरिक सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों को ‘घोर पाखंड’ करार दिया। भारत ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह आतंकवादियों और निर्दोष नागरिकों के बीच कोई फर्क नहीं करता, इसलिए उसे नागरिकों की सुरक्षा पर भाषण देने का कोई अधिकार नहीं है।

भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने शुक्रवार को यूएनएससी की बैठक में पाकिस्तान के आरोपों पर पलटवार करते हुए स्पष्ट किया कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला देश यदि नागरिक सुरक्षा पर बोलता है, तो यह पूरी अंतरराष्ट्रीय बिरादरी का अपमान है।

पाकिस्तान ने फिर उठाया कश्मीर का मुद्दा

संयुक्त राष्ट्र की बैठक के दौरान पाकिस्तान के राजदूत असीम इफ्तिखार अहमद ने एक बार फिर कश्मीर मुद्दा उठाया और भारत पर आरोप लगाए। उन्होंने हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए भारत पर मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया। जवाब में भारत ने बेहद सख्त लहजे में पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया।

पी. हरीश ने कहा कि पाकिस्तान की यही पुरानी चाल है – जब भी बात आतंकवाद या आतंरिक मामलों की होती है, वह कश्मीर का मुद्दा उठाकर ध्यान भटकाने की कोशिश करता है।

भारत ने जताई गंभीर आपत्ति, बताया पाकिस्तान प्रायोजित आतंक का इतिहास

भारत ने यूएनएससी के सामने पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद की लम्बी सूची रखी। हरीश ने कहा कि भारत ने दशकों से सीमाओं पर आतंकवादी हमलों का सामना किया है, जो सीधे तौर पर पाकिस्तान के समर्थन से हुए। उन्होंने 26/11 मुंबई आतंकी हमले से लेकर हाल ही में 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए हमले का भी उल्लेख किया, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की इन कार्रवाइयों का मकसद भारत की शांति, विकास और मनोबल को नुकसान पहुंचाना है।

ऑपरेशन सिंदूरके जरिए भारत ने दिया करारा जवाब

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने छह मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत एक सटीक कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान में स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।

इसके बाद पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई में 8, 9 और 10 मई को भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। लेकिन भारत ने न केवल इन प्रयासों को विफल किया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान की पोल भी खोल दी।

पाकिस्तान ने नागरिकों को बनाया ढाल

भारत ने यह भी बताया कि पाकिस्तान ने हमेशा आतंकवादियों को संरक्षण देने के लिए नागरिकों को ढाल के रूप में इस्तेमाल किया है। पी. हरीश ने कहा कि हाल ही में पाकिस्तान के वरिष्ठ सरकारी, सैन्य और पुलिस अधिकारी उन आतंकवादियों के अंतिम संस्कार में शामिल हुए जो ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए थे।

उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि पाकिस्तान आतंकवादियों और आम नागरिकों के बीच फर्क नहीं करता और उन्हें एक समान संरक्षण देता है।

अंतरराष्ट्रीय समुदाय से की सख्त कार्रवाई की मांग

भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वह आतंकवाद के प्रति “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाए। पी. हरीश ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा को आतंकवादियों की सुरक्षा के बहाने के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि जो देश आतंकवाद का समर्थन और संरक्षण करते हैं, उन्हें बेनकाब करना चाहिए और उनके खिलाफ ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने सुरक्षा परिषद से नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की गारंटी सुनिश्चित करने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाने की अपील की।

भारत ने यूएनएससी में पाकिस्तान को एक बार फिर करारा जवाब देते हुए यह साफ कर दिया है कि आतंकवाद के मुद्दे पर अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। भारत ने दुनिया को यह संदेश दिया कि वह न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा, बल्कि आतंकवाद का समर्थन करने वालों को वैश्विक मंच पर बेनकाब भी करेगा। पाकिस्तान के झूठ और दोहरे रवैये की पोल एक बार फिर खुलकर दुनिया के सामने आ गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *