वन डे वर्ल्ड कप के लिए हुआ भारतीय टीम का चयन, प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान रोहित शर्मा और अजित अगरकर ने किया 15 सदस्यी टीम का एलान
वन डे वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारतीय टीम का चयन पूरा हो चुका है। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में 15 सदस्यी भारतीय टीम का एलान किया। 15 सदस्यी भारतीय टीम में कोई खासा बदलाव नहीं किया गया है। जो खिलाडी एशिया कप में खेल रहे हैं उन्ही में से वर्ल्ड कप के लिए टीम चुनी गयी है। हालांकि, तिलक वर्मा, संजू सैमसन और प्रसिद्ध कृष्णा विश्व कप का टीम का हिस्सा नहीं हैं।
अजित अगरकर ने कहा हमारे सामने चोटिल खिलाडियों की समस्या थी। लेकिन सही समय पर श्रेयस और केएल राहुल फिट हो गए। टीम का चयन करते हुए कई नामों पर चर्चा होती है लेकिन आपको टीम के संतुलन के आधार पर बेहतरीन टीम का चयन करना होता है। लोकेश राहुल अच्छी लय में हैं, वह बेंगलुरू में अच्छे दिख रहे थे लेकिन एशिया कप से पहले वह चोटिल हो गए। इस बारे में एशिया कप के दौरान बताया गया था। 50 ओवर के मैच में आप एक ऑफ स्पिनर चाहते हैं लेकिन यह सबसे संतुलित टीम है। हमने जिन गेंदबाजों का चयन किया है उससे काफी खुश हैं।
रहित शर्मा ने कॉन्फ्रेंस में कहा कि “वन डे क्रिकेट में आपके पास अधिक समय होता है। लेकिन टी20 क्रिकेट में आपके पास रणनीति बनाने का अधिक समय नहीं होता है। यह सिर्फ हमारे साथ ही नहीं बल्कि हर टीम के साथ होता है। हर वर्ल्ड कप में ऐसा होता है कि कोई खिलाडी टीम में जगह नहीं बना पाता है। हमें सबसे बेहतर टीम चुननी होती है और ऐसे में किसी न किसी खिलाड़ी को टीम के बाहर रखना पड़ता है। हमें टीम में बल्लेबाजी और गेंदबाजी में गहराई की जरूरत होती है। हमनें पिछले कुछ वर्षों में यह महसूस किया कि हमारी टीम में इसकी कमी है। कई मौकों पर हमें लगा कि हमारी टीम की बल्लेबाजी में गहराई नहीं है। नौवें, दसवें या 11वें नंबर के खिलाड़ियों का काम सिर्फ गेंदबाजी करना नहीं है। कई मौकों पर ये लोग 10-15 रन बना जाते हैं, जो हार और जीत का अंतर साबित होते हैं।”
रोहित ने आगे कहा कि जब हम छह गेंदबाजों के साथ वनडे मैच खेलते हैं तो हर गेंदबाज अपने 10 ओवर पूरे नहीं कर सकता। ऐसे में आपको देखना होता है कि उस मैच में कौन सा गेंदबाज अच्छी लय में है। विकेट से किसे मदद मिल रही है। इन बातों को ध्यान में रखकर गेंदबाजी करानी होती है। कई मुकाबले होंगे, जब आपके स्पिन गेंदबाज अपने 30 ओवर नहीं करेंगे।
वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव।

